पौड़ी : जिलाधिकारी धीराज सिंह गब्र्याल ने आज विकास भवन परिसर में नमामि गंगे समिति के पदाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ नमामि गंगे कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने 10 फरवरी, 2019 को जनपद में सभी अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से स्वच्छता एवं जन जागरूकता अभियान चलाये जाने के निर्देश दिये।
कहा कि संबंधित नेतृत्व करने वाले अधिकारी किसी एक गंदगी वाले स्थान को चयनित कर उक्त स्थान में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ बनाएंगे। जिस हेतु उन्होंने समस्त अधिकारियों को गम्भीरता से लेने के निर्देश दिये। कहा कि अभियान में शामिल अधिकारियों/कर्मचारियों की उपस्थिति भी दर्ज की जायेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यालय से लेकर ग्रामीण स्तर तक शासकीय अवकाश के दिन 15-15 दिन के अन्तराल में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे।
जिलाधिकारी ने जनपद में स्वच्छता बनाए रखने हेतु अधिकारियों को गम्भीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका, पौड़ी को निर्देशित किया कि घर-घर से कूड़ा उठाने हेतु सभाषदों को संरक्षक बनवाकर जैविक एवं अजैविक कूड़े को अलग-अलग रखने की व्यवस्था करें तथा कम्पोस्ट पिट्स बनवायें। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद का एक स्वच्छता ऐप बनायें। जिसमें अभियान के तहत किये गये कार्यों तथा क्षेत्रों में पाए जाने वाली गंदगी की जानकारी प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने नमामि गंगे के तहत एसटीपी प्लांट स्वार्गाश्रम के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण, स्वजल के अन्तर्गत चयनित गांवां एवं उनकी विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। बैठक में संबंधित अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि पाटीसैंण में सीवर लाइन नहीं होने से आ रही दिक्कतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। कहा कि इस संबंध में कार्यवाही शासन स्तर पर लंबित है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी होटल व्यवसायियों एवं आम लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिये। साथ ही गंदगी फैलाने वाले स्थानीय होटल व्यवसायियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
उन्होंने सेफ्टी टैंकों तथा बायो डाइजेस्टिव टैकों आदि के निर्माण तकनीक के साथ ही उन्हें खाली करने संबंधी एवं एकत्रीकरण और लाने ले जाने से संबंधित आवश्यक जानकारियों के प्रति आम नागरिकों के साथ-साथ सरकारी व गैस सरकारी संस्थानों को भी जागरूक करने हेतु जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी दीप्ति सिंह ने एस.एम.सी. शौचालय टैंकों से एकत्रित मल के ट्रीटमेंट एवं निस्तारण हेतु आवश्यक व्यवस्थायें जल निगम/जल संस्थान द्वारा किये जाने को कहा। उन्होंने कहा कि एस.एम.सी. द्वारा सेप्टेज मैनेजमेंट हेतु यूजर चार्जेस निर्धारण बाय-लाॅज तैयार किया जाय।
बैठक में जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निर्मल कुमार शाह, डीपीआरओ एमएम खान, एसडीओ वन प्रभाग एम.के. बहुखण्डी, अधिशासी अधिकारी जिला पंचायत अंशिका स्वरूप, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका पौड़ी विनोद लाल, अधि.अधि. नगरपालिका परिषद श्रीनगर एस.पी. गुप्ता, इंजीयिर वेबकाॅस अंकुर सिंह, स्वजल विजय पी. गैरोला सहित नमामि गंगे से संबंधित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।