नई दिल्ली: भारत के प्रॉपर्टी बाजार में सितंबर तिमाही में मांग 3.1% बढ़ी है। लोग छोटे मकान ज्यादा पसंद कर रहे हैं। अब कुल मांग में एक और दो बेडरूम वाले फ्लैट का हिस्सा 54% हो गया है। यह दो साल की गिरावट के बाद पहली बार बढ़ा है। इससे पता चलता है कि लोग अब सस्ते मकानों पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। यह जानकारी रियलटी प्लेटफॉर्म मैजिकब्रिक्स ( Magicbricks ) की प्रॉपइंडेक्स (PropIndex) रिपोर्ट से मिली है।
कुल मिलाकर मकानों की सप्लाई भी 1 फीसदी बढ़ी है। लेकिन पिछले साल की तुलना में यह 4.5% कम है। बड़े शहरों में प्रॉपर्टी की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। पुणे में सबसे ज्यादा 41.4% की बढ़ोतरी हुई है। मुंबई में 29.6% और ग्रेटर नोएडा में 27.3% की बढ़ोतरी देखी गई है। जो घर अभी बन रहे हैं, उनकी कीमतें तैयार घरों से ज्यादा हैं। पुणे में ऐसे ही घरों की कीमतें पिछली तिमाही से 29.1% बढ़ी हैं, जबकि तैयार घरों की कीमतें सिर्फ 15.8% बढ़ीं।
मैजिकब्रिक्स के सीईओ सुधीर पाई ने कहा कि सितंबर तिमाही ने कॉम्पैक्ट और मिड-सेगमेंट घरों की तरफ एक बड़ा बदलाव दिखाया है। उन्होंने कहा कि खरीदारों का व्यवहार पैसे की कमी से प्रभावित हो रहा है, लेकिन इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर उम्मीदें और लोगों की बदलती इच्छाएं बड़े शहरों में मांग बढ़ा रही हैं। जो डेवलपर सस्ते और अच्छी लाइफस्टाइल वाले घर बनाएंगे, वही आगे बढ़ेंगे। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में खरीदारों की तरफ से अच्छी मांग बनी हुई है। मुंबई में सप्लाई 9.7% और नवी मुंबई में 10.7% कम होने के बावजूद ऐसा हुआ है। इससे कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
दुबई की रियल एस्टेट कंपनियां भारतीय खरीदारों को लुभाने के लिए दिवाली जैसे त्योहारों का फायदा उठा रही हैं। वे खास ऑफर और प्रॉपर्टी एग्जीबिशन (प्रॉपर्टी प्रदर्शनियां) लगा रही हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि भारत के बड़े शहरों में प्रॉपर्टी की कीमतें बहुत बढ़ गई हैं।
Danube Group के फाउंडर और चेयरमैन रिजवान सजन ने बताया कि पिछले कुछ सालों में भारत में प्रॉपर्टी की कीमतें, खासकर मुंबई, एनसीआर और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों में नई लॉन्च हुई प्रॉपर्टी की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। प्रॉपर्टी की ऊंची कीमतों के साथ-साथ स्टाम्प ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस जैसे अतिरिक्त खर्चों ने कई खरीदारों को विदेश में विकल्प तलाशने पर मजबूर कर दिया है। दूसरी ओर, दुबई में प्रॉपर्टी खरीदना अपेक्षाकृत सस्ता है, नियम पारदर्शी हैं और पेमेंट प्लान भी आकर्षक हैं।