देहरादून: उत्तराखंड के मौसम में बदलाव होता दिखने लगा है। दरअसल, प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने और निचले इलाकों में बारिश के कारण मंगलवार को तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। केदरनाथ मंदिर दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी बर्फबारी का खूब आनंद लिया।
बर्फबारी और बारिश से लोगों को ठंड का अहसास होने लगा। देहरादून तथा राज्य के अन्य मैदानी इलाकों में कई जगह सुबह हल्की से मध्यम बारिश हुई। इससे भी तापमान में काफी गिरावट आई। इससे लोगों को गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है।
प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद पहाड़ों पर लोग स्वेटर और जैकेट पहने नजर आए। देहरादून में पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान नौ डिग्री की गिरावट के साथ 24 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पिछले 24 घंटों के दौरान देहरादून में 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
प्रदेश के हिमालयी इलाकों में हिमपात हो रहा है। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड, औली और मुनस्यारी सहित उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं दोनों क्षेत्रों की ऊंची चोटियों पर हिमपात जारी रहा। केदारनाथ जाने वाले तीर्थयात्री बर्फबारी का आनंद लेते देखे गए। इस संबंध में कई वीडियो भी वायरल हुए हैं।
इस बीच, मौसम विभाग ने अगले कुछ और दिनों तक बारिश और बर्फबारी होने का पूर्वानुमान जताया है। दरअसल, पश्चिमी विक्षोभ का असर लगातार दिख रहा है। इससे पहाड़ से लेकर मैदानी भाग तक स्थिति बदले रहने का अनुमान है।चमोली जिला प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए छह और सात अक्टूबर को ट्रैकिंग गतिविधियों को स्थगित कर दिया था। अधिकारियों ने लोगों से अनावश्यक आवाजाही से बचने और बारिश व बर्फवारी की चेतावनी के मद्देनजर सावधानी बरतने की अपील की है। तीर्थयात्रियों से भी गर्म कपड़े साथ रखने और पर्याप्त सावधानी बरतने को कहा गया है।