मेघालय की कोयला खदान में भीषण विस्फोट में 18 की मौत

शिलांग: मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के थांगस्कू क्षेत्र में एक संदिग्ध अवैध कोयला खदान में हुए भीषण विस्फोट में हाल के वर्षों की सबसे घातक खनन दुर्घटनाओं में 18 मजदूरों के शव बरामद किए गए हैं। पूर्वी जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मृतकों की संख्या की पुष्टि करते हुए बताया कि बचाव दल ने अब तक दुर्घटनास्थल से 18 शव बरामद किए हैं। उन्होंने आगे कहा कि खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है। विस्फोट खदान के अंदर कोयला खनन गतिविधियों के दौरान हुआ माना जा रहा है, जिससे खदान ढह गई और कई मजदूर भूमिगत फंस गए।

विस्फोट का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि यह सक्रिय खनन कार्यों के दौरान हुआ। इस घटना में एक मजदूर घायल अवस्था में बच गया और उसे शुरू में सुतंगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

पुलिस ने बताया कि बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए शिलांग रेफर कर दिया गया और उसकी हालत पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें बचाव और राहत कार्यों में स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन की सहायता के लिए घटनास्थल पर भेजी गई हैं।

मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने गुरुवार को पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में हुए कोयला खदान विस्फोट पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने घटना की व्यापक जांच की घोषणा की ताकि दोषियों का पता लगाया जा सके। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक बयान में संगमा ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और कहा कि राज्य सरकार इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी जयंतिया हिल्स में हुई कोयला खदान की दुखद घटना से मैं बहुत दुखी हूं। इस दुर्भाग्यपूर्ण त्रासदी में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। संगमा ने कहा कि मेघालय सरकार ने घटना की गहन जांच के आदेश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि दोषियों को सजा दी जाएगी।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में कोयला खदान में हुए विस्फोट को लेकर सरकार मेघालय के मुख्यमंत्री के संपर्क में है। मेघालय में हुए इस विस्फोट में कम से कम 18 मजदूर मारे गए। उन्होंने कहा कि मृतकों में कुछ असम के हो सकते हैं, लेकिन इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि पूर्वी जयंतिया हिल्स में कोयला खदान विस्फोट में हुई जानमाल की हानि से मैं बहुत दुखी हूं। शोक की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि असम सरकार इसको लेकर मेघालय सरकार और पूर्वी जयंतिया हिल्स जिला प्रशासन के संपर्क में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *