नई दिल्लीः उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में कड़ाके की ठंड की वापसी होने जा रही है.अगर आप सोच रहे थे कि सर्दियां विदा हो चुकी हैं, तो दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक जारी कोहरे और शीतलहर का यह अलर्ट आपको सावधान करने के लिए काफी है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ हवा का एक ऐसा सिस्टम है जो हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बदल देता है. आज यानी 9 फरवरी से यह सिस्टम पहाड़ों पर अपना असर दिखाना शुरू कर देगा.
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी होने वाली है. पहाड़ी इलाकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चल सकती हैं. बर्फबारी के साथ-साथ आसमान में बिजली चमकने और गरजने की भी चेतावनी दी गई है.यह सिलसिला केवल आज ही नहीं, बल्कि 10 और 11 फरवरी तक जारी रह सकता है. लद्दाख, बाल्टिस्तान और गिलगित जैसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को खास तौर पर सतर्क रहने और गर्म कपड़े तैयार रखने की सलाह दी गई है.
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में धूप खिलने लगी थी और लोगों को ठंड से राहत महसूस हो रही थी. लेकिन जैसे ही पहाड़ों पर बर्फ गिरेगी, वहां से आने वाली बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों का तापमान फिर से गिरा देंगी.राजस्थान के फतेहपुर जैसे इलाकों में तो अभी से न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है. आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में भी सुबह और रात की ठंड एक बार फिर हड्डियां कपाने वाली हो सकती है.
ठंड के साथ-साथ धुंध और कोहरा भी वापस लौट रहा है. मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर भारत के लोगों को फिलहाल कोहरे से छुटकारा नहीं मिलने वाला है. उत्तर प्रदेश के बरेली और गोरखपुर जैसे शहरों में कोहरा इतना घना हो विजिबिलिटी शून्य हो सकती है.दिल्ली-एनसीआर में भी 10 फरवरी तक सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिससे यातायात पर असर पड़ सकता है. बिहार और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी सुबह के समय धुंध छाई रहेगी.
मौसम में हो रहे इस अचानक बदलाव से सेहत बिगड़ने का डर रहता है. खास तौर पर बच्चों और बुजुर्गों को ठंडी हवाओं से बचाना जरूरी है. डॉक्टरों का कहना है कि धूप निकलने पर एकदम से हल्के कपड़े न पहनें, क्योंकि शाम होते ही तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है.

