दून में कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली

देहरादून : संविधान बचाओ रैली के माध्यम से कांग्रेस दिग्गजों ने कार्यकर्ताओं को 2027 की तैयारी के लिए जुटने का आह्वान किया। पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार पर संविधान की मूल भावना से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया हालांकि रैली के दौरान मौसम अनुकूल नहीं था। यही वजह रही कि प्रदेश से उतनी संख्या में लोग नहीं पहुंचे जिसकी पार्टी ने उम्मीद लगाई थी।

रेंजर्स मैदान में आयोजित रैली में कांग्रेस दिग्गजों ने प्रदेश भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध खनन, भ्रष्टाचार और दलित उत्पीड़न हो रहा है। किसान, महिला और नौजवान सभी वर्ग हताश और निराश हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट ने कहा कि केंद्र सरकार ने सोच-समझकर नीतिगत तरीके से संविधानिक संस्थाओं को खोखला करने का काम किया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस लगातार पिछले आठ साल से प्रदेश में अवैध खनन का आरोप लगा रही है। जिसे अब भाजपा के लोग भी स्वीकार रहे हैं। आरोप लगाया कि पूरी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है।

अब कांग्रेस को इस सरकार को बाहर का रास्ता दिखाने के लिए सड़कों पर उतरना होगा। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा व नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से भेजी गई संविधान की प्रतियां भेंट की।

रैली को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व विधायक प्रीतम सिंह,गणेश गोदियाल, भुवन कापड़ी, हरक सिंह रावत समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। रैली में गोविंद सिंह कुंजवाल, तिलक राजबेहड़, ममता राकेश, मनोज तिवारी, फुरकान अहमद, गोपाल राणा, विक्रम सिंह नेगी, वीरेंद्र जाती, सुमित हृदयेश, अनुपमा रावत, मदन सिंह बिष्ट, रवि बहादुर, ज्योति रौतेला आदि मौजूद रहे।

सभा का संचालन कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन व प्रशासन सूर्यकांत धस्माना ने किया। उन्होंने कहा, आज बहुत पवित्र दिन है जब चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो रहा है। वहीं, प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान को बचाने का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि रैली के अंत तक प्रदेशभर से कार्यकर्ता रैली में जुटते रहे। रैली में पार्टी के कई बड़े दिग्गज एक साथ नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *