नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में जहां लोग सूरज की तपिश से परेशान हैं तो वहीं (Heat Wave) लू ने भी लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। गर्मी के कारण हर तबके के लोग बेहाल-परेशान हैं।
भीषण गर्मी का आलम यह है कि दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार समेत दर्जनभर राज्यों में आसमान से सूरज की तपिश आग बरसने जैसा अहसास करा रही है। कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री को भी पार कर गया है। लोग गर्मी से बचने के उपाय तो कर रहे हैं, लेकिन सब बेअसर साबित हो रहा है।
भीषण गर्मी का आलम यह है कि अब तक जहां सिर्फ मैदानी इलाकों में गर्मी की तपिश थी। वहीं, अब पहाड़ी इलाकों में भी तापमान बढ़ने लगा है। दिल्ली में मंगलवार को जहां 43 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इसके चलते दिल्ली एनसीआर में गर्म हवा ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पहाड़ी राज्यों में शुमार उत्तरकाशी और अल्मोड़ा में अधिकतम तापमान क्रमश: 36.1 और 34.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। पर्वतीय इलाकों में ये दोनों शहर सबसे गर्म रहे। वहीं, देहरादून में तापमान 38.8 और हरिद्वार में 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) के मुताबिक, अभी कुछ दिन दिल्लीवासियों के साथ यूपी, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। बुधवार से तापमान और तेजी से बढ़ेगा।
लू के थपेड़े अलग से लोगों को परेशान करेंगे। बुधवार से तापमान में इजाफा होने के साथ ही आसमान साफ रहेगा। लू और धूल भरी तेज हवा लोगों को परेशान करेगी। इस बीच अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग की माने तो इस सप्ताह दिल्लीवालों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
वहीं, मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी गरमी से निजात नहीं मिलने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि 30 मई तक तापमान में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, 31 मई या एक जून के बाद परिवर्तन के संकेत हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार का अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री कम है।
बृहस्पतिवार को तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक या पार जाने का पूर्वानुमान है।, जो अगले चार-पांच दिन तक स्थिर रह सकता है। फिलहाल दिल्ली की हवा साफ-सुथरी बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार मंगलवार का एयर इंडेक्स 177 रहा।
इससे पहले सूरज की तेज तपिश और गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को तंग कर रखा है। सूरज के तल्ख तेवरों की वजह से रविवार को पारा 42 डिग्री को भी पार कर गया, इसके बाद सोमवार और मंगलवार को हालात और खराब हो गए।