नई दिल्लीः: ठंड की विदाई हो गई है और लोग अब गर्मी का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन गर्मी की दस्तक से पहले मौसम अब नए खतरे की ओर इशारा कर रहा है. बंगाल की खाड़ी से उठी हलचल ने मौसम का पूरा समीकरण बदल दिया है.
अचानक बदले मौसम ने कई राज्यों की चिंता बढ़ा दी है. कहीं तेज बारिश की चेतावनी है तो कहीं 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है. आसमान से बिजली गिरने और समंदर में ऊंची लहरों का खतरा अलग. मौसम विभाग (IMD) ने साफ कहा है कि अगले कुछ दिन सामान्य नहीं रहने वाले. पहाड़ से लेकर दक्षिण भारत तक मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है.
मौसम विभाग ने 20 से 24 फरवरी के बीच देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. खास तौर पर बंगाल की खाड़ी और दक्षिणी समुद्री इलाकों में मौसम खतरनाक हो सकता है. हिमाचल से तमिलनाडु तक मौसम का असर दिखेगा. यानी सर्दी गई जरूर है, लेकिन मौसम का खतरा अभी खत्म नहीं हुआ. सात राज्यों में विशेष चेतावनी दी गई है. बारिश के कारण कई राज्यों में तापमान में गिरावट होगी.
देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और समुद्री सिस्टम के कारण मौसम तेजी से बदल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में बारिश का दौर देखने को मिलेगा. कई इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है और मौसम ठंडा महसूस होगा.
वहीं दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और श्रीलंका तट के आसपास समुद्र उफान पर रह सकता है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग का कहना है कि तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.
