अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद पंजाब में अलर्ट

चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने रविवार को खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को मोगा से गिरफ्तार कर लिया है। 26 दिनों की फरारी के बाद आखिरकार अमृतपाल पुलिस के शिकंजे में है। पंजाब में अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है। पंजाब पुलिस ने रविवार को मोगा में ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है।

पुलिस ने रविवार को कहा कि किसी भी फर्जी खबर को साझा करने से लोग बचें। पुलिस ने लोगों से इंटरनेट पर जारी होने वाली किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारी के बारे में विवरण साझा किया जाएगा और लोगों को साझा करने से पहले किसी भी खबर की पुष्टि करनी चाहिए। किसी भी अफवाह को फैलाने वाले पर कार्रवाई की जाएगी।

पंजाब पुलिस ने ट्वीट करके भगोड़े अमृतपाल की गिरफ्तारी की पुष्टि की है और साथ ही लोगों से अपील भी की है। पुलिस ने लिखा कि अमृतपाल सिंह को मोगा, पंजाब में गिरफ्तार किया गया है। आगे की जानकारी #पंजाब पुलिस द्वारा साझा की जाएगी। नागरिकों से शांति और सद्भाव बनाए रखने का आग्रह करें, कोई भी फर्जी खबर साझा न करें, हमेशा सत्यापित करें और साझा करें।

अमृतपाल सिंह पर पंजाब पुलिस और प्रशासन का एक्शन लगातार जारी है। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह 18 मार्च से फरार है। अमृतपाल और उसके साथियों के खिलाफ लगातार 18 मार्च से ही कार्रवाई जारी है। अमृतपाल के साथी लगातार गिरफ्तार किए जा रहे थे लेकिन अमृतपाल फरार था। उसने कई ठिकाने बदले और अपना हुलिया भी बदला। कई बार सरेंडर की खबरों के बीच आज रविवार को आखरिकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

अमृतपाल और उसके समर्थकों द्वारा 23 फरवरी को अमृतसर में अजनाला पुलिस स्टेशन पर धावा बोला गया था। इस झड़प में कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए थे। अमृतपाल अपने साथी लवप्रीत तूफान की रिहाई के लिए समर्थकों के साथ तलवार और बंदूके लेकर थाने में पहुंचा था। इस घटना के लगभग तीन सप्ताह बाद यह कार्रवाई हुई। उसके सहयोगियों को पहले राज्य के विभिन्न हिस्सों से गिरफ्तार किया गया था। 18 मार्च से ही अमृतपाल फरार था।

पंजाब पुलिस ने करीब एक महीने पहले ‘वारिस पंजाब डे’ प्रमुख के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) और गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया था। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के दो सहयोगियों को 18 अप्रैल को पंजाब और दिल्ली पुलिस के एक संयुक्त अभियान में पंजाब के मोहाली में गिरफ्तार किया गया था।

15 अप्रैल को पंजाब पुलिस ने उसके करीबी सहयोगी जोगा सिंह को फतेहगढ़ साहिब जिले के सरहिंद से गिरफ्तार किया।खालिस्तानी समर्थक नेता के एक और करीबी पापलप्रीत सिंह को 10 अप्रैल को पंजाब पुलिस और इसकी काउंटर-इंटेलिजेंस यूनिट द्वारा चलाए गए एक ऑपरेशन में गिरफ्तार किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *