हिमस्खलन से 4 लोगों की मौत, कई घायल

पेरिस। फ्रांस के आल्प्स में हिमस्खलन से रविवार को चार लोगों की मौत हो गई। कई अन्य के घायल होने के समाचार मिले हैं। फ्रांस के गृह मंत्री ने बताया कि मरने वालों की संख्या अभी अनुमानित है और यह बढ़ भी सकती है। गृह मंत्री गेराल्ड डर्मैनिन ने अपनी ट्वीट में मौतों के बारे में कोई विवरण नहीं दिया। यह हिमस्खलन शैमोनिक्स से लगभग 30 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में हाउटे-सावोई क्षेत्र में कॉन्टैमाइन्स-मोंटोजी में आर्मेंसेट ग्लेशियर से हुआ है।

स्थानीय मीडिया के अनुसार, हिमस्खलन दिन के समय आया और इसमें फंसे ज्यादातर लोग पर्वतारोहण कर रहे थे। बता दें कि फ्रांस के आल्प्स इलाके में काफी लोग घूमने-फिरने पहुंचते हैं। ईस्टर की छुट्टी होने के कारण इस सप्ताह यहां पर्यटकों की चहल-पहल आम दिनों से अधिक थी। आपदा से प्रभावित लोगों को बचाने के लिए बचाव कार्य जारी हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मौसम विभाग द्वारा हिमस्खलन की आशंका के बारे में कोई चेतावनी जारी नहीं की गई थी।

स्थानीय फ्रांस-ब्लयू रेडियो स्टेशन ने बताया कि हिमस्खलन एक किलोमीटर लंबा और सौ मीटर चौड़ा था। स्टेशन ने थोनोन के स्थानीय प्रांत के हवाले से जानकारी दी कि हिमस्खलन में फंसे लोगों की मदद के लिए दो हेलीकॉप्टर भेजे गए हैं। पर्वतीय बचाव कुत्तों की भी सहायता ली जा रही है।

राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने आपदा में मरने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि बर्फ में फंसे लोगों को खोजने के लिए आपातकालीन सेवाओं को काम पर लगाया गया है। इससे पहले 2014 में भी इसी ग्लेशियर पर आए हिमस्खलन में दो भाइयों की मौत हो गई थी। दोनों भाई अनुभवी पर्वतारोही थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *