चिलचिलाती गर्मी के लिए रहें तैयार !

नई दिल्ली : मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को गर्मी और लू को लेकर अलर्ट जारी किया। मौसम विभाग ने बताया कि गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में अगले तीन से चार दिनों में लू की स्थिति बनी रह सकती है। इस महीने की शुरुआत में मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों को छोड़कर अप्रैल से जून तक देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान जताया था।

आईएमडी के अनुसार, इस अवधि के दौरान मध्य, पूर्व और उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक लू के दिनों की उम्मीद है। गंगीय पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार (17 अप्रैल), उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में शनिवार (15 अप्रैल) तक और बिहार में 15 अप्रैल से 17 अप्रैल तक लू चलने के आसार हैं। मध्य और उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत में अधिकतम तापमान वर्तमान में 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है।

मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री अधिक है। आईएमडी ने एक विस्तारित अवधि के पूर्वानुमान में कहा कि 20 अप्रैल से 26 अप्रैल के बीच कुछ दिनों में बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है।

लू की घोषणा तब की जाती है जब किसी स्टेशन का अधिकतम तापमान मैदानी इलाकों में कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस, तटीय क्षेत्रों में कम से कम 37 डिग्री और पहाड़ी क्षेत्रों में कम से कम 30 डिग्री तक पहुंच जाता है। भारत में 1901 के बाद से फरवरी 2023 सबसे गर्म महीना रहा। हालांकि, मार्च में सामान्य से अधिक बारिश ने तापमान को नियंत्रण में रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *