भाजपा: विपक्ष के चक्रव्यूह को भेदने की तैयारी

देहरादून। मिशन-2027 को केंद्र में रखते हुए उत्तराखंड की सियासत में अपनी जमीनी पकड़ और अधिक मजबूत करने के लिए भाजपा ने बिगुल फूंक दिया है। इस क्रम में पार्टी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के लिए कमर कसी है।

इसके माध्यम से वह राज्य के कोने-कोने में कार्यकर्ताओं की ऐसी फौज तैयार करने जा रही है, जो न केवल चुनावी गणित में माहिर होगी, बल्कि वैचारिक रूप से भी विपक्ष के चक्रव्यूह को भेदने में सक्षम होगी। अभियान की औपचारिक शुरुआत 17 फरवरी को देहरादून में प्रांतीय कार्यशाला से होगी। इसके बाद सात से 20 मार्च तक सभी 304 मंडलों में प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे।

महाप्रशिक्षण अभियान के सिलसिले में पांच फरवरी को दिल्ली में हुई भाजपा की राष्ट्रीय कार्यशाला के बाद इसे लेकर उत्तराखंड भाजपा भी एक्शन मोड में आ गई। अभियान को लेकर दिल्ली से मिले रोडमैप को पार्टी अब राज्य के सभी जिलों में धरातल पर उतारने जा रही है।

अभियान के क्रियान्वयन के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के संयोजकत्व में छह सदस्यीय समिति बनाई है। समिति में प्रदेश मंत्री नेहा जोशी के अलावा हिमांशु संगतानी, रमेश चौहान, ऋषि कंडवाल व प्रदीप बिष्ट को शामिल किया गया है।

अभियान का मुख्य उद्देश्य हाल के वर्षों में भाजपा से जुड़े लाखों सदस्यों को पार्टी की मूल कार्यपद्धति में ढालना है। पार्टी का मानना है कि केवल सदस्य बनाना काफी नहीं है, बल्कि उन्हें भाजपा की मूल विचारधारा, एकात्म मानववाद और अंत्योदय जैसे सिद्धांतों से जोड़कर अनुशासित कैडर बनाना जरूरी है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के अनुसार अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, इतिहास और उपलब्धियों के साथ ही पहाड़ की पहचान व राष्ट्रवाद, समाज के प्रति दायित्वबोध, इंटरनेट मीडिया का उपयोग, चुनाव प्रबंधन, विपक्ष के नैरेटिव का काउंटर समेत अन्य बिंदुओं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकारों के महत्वपूर्ण निर्णयों व उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

परिहार ने बताया कि प्रथम चरण में सात से 20 मार्च तक मंडल स्तर पर प्रशिक्षण होंगे। इसके बाद अगले चरण में सभी 19 सांगठनिक जिला इकाइयों, विधायकों, निकाय व पंचायत प्रतिनिधियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। बूथ व शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ताओं के लिए वर्चुअल प्रशिक्षण की रूपरेखा बनाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *