प्रयागराज। प्रयागराज शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर हंडिया-उतरांव के बीच टवेरा कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई लोगों की मौत की खबर मिली है। बताया जा रहा है कि मृतकों में चार महिलाएं और एक बच्ची है।
यह सभी लोग एक ही परिवार के हैं जो प्रयागराज के सोरांव इलाके के शिवगढ़ सराय लाल से विंध्यांचल जा रहे थे। सुबह करीब पौने सात बजे हंडिया में सुजौला गांव के निकट बिजली के खंभे से टकराने के बाद कार पलट गई जिससे पांच लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला जख्मी है।
सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस के साथ ही करीब साढ़े नौ बजे आईजी रेंज प्रयागराज राकेश सिंह भी पहुंचे। उन्होंने पुलिस से दुर्घटना का ब्यौरा लिया।
खबर पाकर पहुंची पुलिस ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला तो पता चला कि कई लोगों की जान चली गई है। सभी शवों को एसआरएन अस्पताल के चीरघर में रखकर परिवार को सूचना दी गई।
घायलों में उमेश पुत्र स्वर्गीय श्यामलाल उम्र 33 वर्ष, प्रिया पत्नी उमेश उम्र 30 वर्ष, गोटू पुत्री रमेश उम्र 12 वर्ष, ऋषभ पुत्र राम सजीवन अग्रहरि उम्र 26 वर्ष, चालक इरशाद हैं। सभी निवासी शिवगढ़ हैं। सभी घायलों को सीएचसी उपरदहा भेजा गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भीषण दुर्घटना में पांच लोगों की मौत पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने घटना की जानकारी मिलते ही प्रयागराज के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। साथ ही घायलों का समुचित इलाज कराने के लिए कहा।