जम्मू कश्मीर: जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में बड़ा सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, छातरू इलाका के बोंडा गांव के पास टाटा सूमो कार गहरी खाई में गिर गई। इस गाड़ी में 11 लोग सवार थे। इनमें से 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 3 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मौके पर पहुंचे सेना के जवानों और स्थानीय लोगों ने घायलों को निकाला और उन्हें अस्पताल भिजवाया है। यह इलाका अस्पताल से काफी दूर है जिसके कारण घायलों को अस्पताल पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि गाड़ी के ड्राइवर के नियंत्रण खोने की वजह से यह हादसा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, किश्तवाड़ जिला के बुंडा छातरू चंगा इलाके में टाटा सूमो रजिस्ट्रेशन नंबर जेके17-9117 का ड्राइवर गाड़ी से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद गाड़ी सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
गाड़ी गिरने के कारण 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, तो वहीं तीन लोगों ने कुछ समय बाद दम तोड़ दिया। दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 8 बताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि का अभी इंतजार है।
इस गाड़ी में सवार 3 अन्य लोगों को स्थानीय लोगों, पुलिस और सेना की मदद से अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। दूसरी तरफ इस हादसे को लेकर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने कहा, “अभी हाल ही में डीसी डॉ. देवांश यादव से बात हुई।
उन्होंने छातरू में एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना के बारे में बताया, जिसमें 7 लोगों के निधन की सूचना है। उन्होंने बताया कि घायलों को आवश्यकता अनुसार जिला अस्पताल किश्तवाड़ और जीएमसी डोडा में शिफ्ट किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर हरसंभव मदद की जाएगी।”