CBI का ‘संडे प्‍लान’

नई दिल्‍ली: राजधानी में आज सियासी गर्मी अचानक बढ़ गई। सीबीआई ने संडे का बड़ा प्‍लान बनाया है। दिल्‍ली शराब घोटाले में केंद्रीय जांच एजेंसी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) को तलब किया है। सीएम 16 अप्रैल को 11 बजे सीबीआई मुख्‍यालय में पेश होंगे। इंवेस्टिगेशन टीम ने इसके लिए पूरी तैयारी कर रखी है।

केंद्रीय जांच एजेंसी इस मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इसे ‘बदला’ करार दिया है। पार्टी का कहना है कि अडानी मुद्दे पर बोलने के कारण केजरीवाल को निशाना बनाया जा रहा है। इसके उलट जांच एजेंसी दावा करती रही है कि 2021-22 की आबकारी नीति में हुए घोटाले (Delhi Liquor Scam) के उसके पास पुख्‍ता सबूत हैं।

सीबीआई ने आबकारी नीति घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 16 अप्रैल को तलब किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केजरीवाल को इंवेस्टिगेशन टीम के सवालों का जवाब देने के लिए 11 बजे एजेंसी मुख्यालय में उपस्थित होने को कहा गया है। केंद्रीय जांच एजेंसी इस केस में दिल्ली के पूर्व डेप्‍युटी सीएम मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर चुकी है।

इस तरह का आरोप है कि दिल्ली सरकार की 2021-22 की एक्‍साइज पॉलिसी में शराब कारोबारियों को लाइसेंस देने के लिए कुछ डीलरों को फायदा पहुंचाया गया। इन डीलरों ने इसके लिए रिश्वत दी थी। यह और बात है कि आम आदमी पार्टी (AAP) इन आरोपों को खारिज करती रही है। इसके उलट जांच एजेंसी दावा करती रही है कि उसके पास आरोपों के पुख्‍ता सबूत हैं। इस पॉलिसी को बाद में वापस ले लिया गया था।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने 17 अगस्त, 2022 को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कहा था, ‘यह आरोप लगाया गया है कि आबकारी नीति में संशोधन, लाइसेंसधारियों को अनुचित लाभ देना, लाइसेंस शुल्क में छूट/कमी, अनुमोदन के बिना एल-1 लाइसेंस का विस्तार इत्‍यादि सहित अनियमितताएं की गईं।’

इस मामले में केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि CBI ने अपनी तहकीकात पूरी की होगी। कागजात इकट्ठे किए होंगे। तभी वो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बुला रहे हैं। CM होने के नाते दिल्ली की कोई भी नीति उनकी मर्जी और जानकारी के बिना नहीं बन सकती। कहीं न कहीं अरविंद केजरीवाल का सहयोग इन सब चीजों में रहा है।

केजरीवाल को सीबीआई के बुलावे के तुरंत बाद AAP की प्रतिक्रिया आई। पार्टी ने आरोप लगाया कि अडानी मुद्दे पर बोलने के कारण सीएम अरविंद केजरीवाल को तलब किया गया है। उसने जोर दिया कि ऐसे नोटिस से भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई नहीं रुकेगी।

इस बाबत AAP के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने प्रेस कॉन्‍फ्रेंस की। उन्‍होंने कहा कि सीबीआई का समन मुख्यमंत्री केजरीवाल को गिरफ्तार करने की साजिश है।

संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री ने विधानसभा में अडानी मुद्दे के बारे में बात की थी। उसी दिन उन्‍होंने सीएम से कहा था कि अगली बारी उनकी होगी। वह बोले, नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार सिर से पांव तक भ्रष्ट है। ऐसे नोटिस से भ्रष्टाचार के खिलाफ केजरीवाल की लड़ाई नहीं रुकेगी।

AAP के वरिष्ठ नेता ने बताया कि केजरीवाल 16 अप्रैल को सीबीआई के सामने पेश होंगे। यह नोटिस केजरीवाल को गिरफ्तार करने की साजिश है। इस नोटिस से न तो AAP और न ही केजरीवाल को चुप कराया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *