अमेरिका में छठ पर्व का उत्साह

वाशिंगटन। छठ महापर्व का आज चौथे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही लोक आस्था के महापर्व छठ का समापन हो गया है। इस पवित्र त्योहार का उत्साह न केवल देश बल्कि विदेशों में भी देखने को मिला।

भारतीय-अमेरिकी महिलाएं नदियों और झीलों में सूर्य भगवान को अर्घ्य देने के लिए एकत्रित हुई। कैलिफोर्निया, एरिजोना, कनेक्टिकट, मैसाचुसेट्स, न्यू जर्सी, टेक्सास, उत्तरी कैरोलिना और वाशिंगटन डीसी सहित पूरे अमेरिका के कई राज्यों में छठ पर्व का उत्साह देखने को मिला।

बिहार झारखंड एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका (BJANA) ने थॉम्पसन पार्क, मुनरो, न्यू जर्सी सहित देश भर में छठ पूजा का आयोजन किया। न्यू जर्सी में आयोजित इस समारोह में 1500 से अधिक सदस्यों ने भाग लिया। BJANA ने पांच साल पहले समुदाय-व्यापी छठ पूजा का आयोजन शुरू किया था।

बीजाणा की एक समुदाय सदस्य वंदना वत्स्यान ने कहा, “हमने 5 साल से भी पहले अमेरिका में छठ पूजा मनाना शुरू किया था, और हर साल बड़ी संख्या में प्रवासी सदस्य जुड़ते हैं। आज हम 1500 से अधिक भक्तों को मनाते हुए देख रहे हैं।”

बता दें कि छठ पूजा बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सबसे शुभ त्योहारों में से एक माना जाता है। यह त्योहार सूर्य भगवान को समर्पित होता है, जिसके बारे में लोग मानते हैं कि यह पृथ्वी पर जीवन का निर्वाह करते है। लंबे, स्वस्थ, समृद्ध जीवन जीने के लिए सूर्य से आशीर्वाद लेने के लिए भी इसकी पूजा की जाती है।

न्यू जर्सी में मनाए जा रहे छठ पर्व कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बीड़ा मस्तान राव यादव ने भाग लिया। न्यूज एजेंसी एएनआइ से बात करते हुए बीड़ा ने कहा कि “बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तर प्रदेश में जड़ें रखने वाले हमारे भाइयों को इतने सम्मानजनक और पारंपरिक तरीके से छठ का त्योहार मनाते हुए देखना सुखद है। मुझे खुशी है कि मैं यहां अमेरिका में इस उत्सव का हिस्सा बन सका।”

पिछले दो सालों में कोरोना महामारी के कारण छठ पर्व काफी फीका पड़ गया था। लोग कम संख्या में एकत्र होते थे। लेकिन अब इस साल बड़ी संख्या में भक्त अपने परिवार और दोस्तों के साथ छठ पर्व का त्योहार मना रहे है। जानकारी के लिए बता दें कि छठ पर्व मुख्य रूप से भारत के बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश राज्यों में मनाया जाता है।

त्योहार के दौरान, महिलाएं उपवास रखती हैं और नदी में भगवान सूर्य को जल चढ़ाकर प्रार्थना करती हैं। अमेरिका में ज्यादातर जगहों पर, समुदाय के सदस्य एक जगह इक्ट्ठा होकर प्रसाद ग्रहण करते है। छठ पर्व में अमेरिका के मैसाचुसेट्स में लगभग 300 लोग एकत्रित हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *