पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा और हिमपात के आसार

जम्मू: कश्मीर के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा हुई, लेकिन प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में पूरे दिन बादल छाए रहे। प्रदेश में सोमवार को निचले क्षेत्रों में हल्की तो ऊपरी इलाकों में तेज हिमपात होने के आसार हैं। इस बीच, कश्मीर के चार जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी दी गई है।

जम्मू कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने गांदरबल, बांडीपोरा, बारामुला और कुपवाड़ा जिले में 2500 मीटर से ऊपर के क्षेत्रों में लोगों को सचेत रहने की सलाह है। लोगों को हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सोमवार को जम्मू कश्मीर में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश व हिमपात होने की संभावना है। ऐसा मौसम 21 फरवरी की सुबह तक बना रहेगा। इस दौरान मैदानी इलाकों में हल्की बारिश भी होगी। 22 से 24 फरवरी तक शुष्क मौसम रहेगा। 25 फरवरी को कश्मीर संभाग के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश व बर्फबारी के साथ बादल छाए रहेंगे। बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है।

श्रीनगर में रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमूमन फरवरी में इस समय सामान्य न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस रहता है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान भी सामान्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस अधिक 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में रविवार को छितराए बादल छाए रहे। जम्मू का न्यूनतम तापमान 14.1 और अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *