पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा-बर्फबारी के आसार

देहरादून:  उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयी रीजन में सक्रिय होने से पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं।

बीते कई दिनों से प्रदेश में मौसम शुष्क है और चटख धूप खिल रही है। जिससे तापमान में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। वहीं, आज मौसम का मिजाज बदलने से पारा लुढ़क सकता है। जिससे ठंड बढ़ सकती है।

प्रदेश में शुष्क मौसम के बीच कड़ाके की ठंड से राहत है। हालांकि, फरवरी के प्रथम सप्ताह में ही तापमान सामान्य से चार-पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक चल रहा है। मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने से सुबह ठिठुरन बनी हुई है।

जबकि, पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह-शाम सर्द हवाएं कंपा रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, ताजा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय हो सकता है। जिससे आज यानी सोमवार को मौसम करवट बदल सकता है।

इस बीच उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ व बागेश्वर में हल्की वर्षा व बर्फबारी हो सकती है। निचले हिस्सों में कहीं-कहीं बौछार पड़ने के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है।

रुड़की में रविवार सुबह वातावरण में घना कोहरा छाया रहा। साथ ही बादलों ने भी आसमान में डेरा डाले रखा। कोहरे के चलते सुबह दृश्यता कम रही। ऐसे में वाहन चालकों को गाड़ी की हेडलाइट जलाकर यात्रा करनी पड़ी।

शहर और आसपास के क्षेत्रों में रविवार सुबह करीब 11 बजे के बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगा और कुछ देर बाद धूप खिल गई। दोपहर में धूप की चमक तेज रही। ऐसे में शहरवासियों को ठंड से काफी राहत मिली। वहीं, मौसम के करवट लेने से शहर के तापमान में भी उछाल देखने को मिला।

रविवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रेकार्ड हुआ, जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

उधर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना के अनुसार सोमवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *