चारधामः बदरी और केदारनाथ धाम के दर्शन, चलेंगी हेली शटल सेवा

देहरादून: इस वर्ष योजना बदरीनाथ-केदारनाथ के बीच सीधी हेली सेवा शुरू करने की भी है। इससे यात्री कुछ ही घंटों में दोनों धामों में दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए नागरिक उड्डयन विकास परिषद (यूकाडा) ने हेली कंपनियों से प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। प्रदेश में चारधाम यात्रा के दौरान हेली सेवाओं का संचालन किया जाता है। विशेष रूप से ये सेवाएं चमोली जिले के गु़प्तकाशी व फाटा से संचालित होती हैं।

इसके अलावा देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड से भी केदारनाथ व बदरीनाथ धाम के लिए शटल सेवाएं चलाई जाती हैं। हेली सेवाओं से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा करते हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2022 में कुल 1.36 लाख यात्रियों ने हेली सेवाओं का लाभ लिया था। इस वर्ष प्रदेश सरकार इन धामों में आने वाले यात्रियों के लिए हेली सेवाओं में और वृद्धि करने जा रही है।

इस क्रम में सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए चारों धामों के लिए हेली सेवा शुरू करने का निर्णय लेते हुए इसके लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। हेली कंपनियां इन हवाई मार्गों पर संचालन में रुचि दिखाने के साथ ही यात्री किराये के संबंध में भी प्रस्ताव देंगी।

नागरिक उड्डयन सचिव दिलीप जावलकर ने कहा कि यूकाडा ने इस वर्ष चारों धामों में हेली शटल सेवा के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। बदरीनाथ-केदारनाथ धाम के बीच हेली सेवा का संचालन भी प्रस्तावित है। इसके लिए भी हेली कंपनियों से आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन प्राप्त होने के पश्चात इन मार्गों पर हेली सेवाओं का संचालन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *