पटना: बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छठ पूजा को लेकर बड़ी जानकारी दी। पीए मोदी ने रविवार को अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ में घोषणा की कि भारत सरकार छठ महापर्व को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल कराने के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इस पर्व को वैश्विक मान्यता मिलने के बाद पूरी दुनिया इसकी भव्यता और दिव्यता का अनुभव कर सकेगी।
प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि इसी तरह के प्रयासों से कुछ समय पहले कोलकाता की दुर्गा पूजा यूनेस्को की सूची में शामिल हुई थी। उन्होंने कहा, ‘हमारे त्योहार हमारी संस्कृति को जीवंत बनाए रखते हैं। छठ महापर्व सूर्य देव की आराधना का अद्वितीय उदाहरण है। इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्यों को अर्घ्य दिया जाता है। आज यह पर्व न सिर्फ भारत में, बल्कि पूरी दुनिया में मनाया जाता है।’
मोदी ने कहा कि छठ पूजा अब वैश्विक त्योहार बन रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि यह पर्व जल्द ही यूनेस्को की सूची का हिस्सा बनेगा। उन्होंने कहा कि बिहार और केंद्र सरकार ने छठ पूजा को यूनेस्को की सूची में शामिल कराने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इंटैक) को संबंधित दस्तावेज तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ के जरिए बिहारवासियों के दिल को छू लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह दुर्गा पूजा को मान्यता मिली, उसी तरह छठ भी अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल करेगा।