ताइवान के पास चीन की मिलिट्री ड्रिल

100 से अधिक फाइटर जेट्स ने उड़ान भरी, 11 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं; 5 जापान के इलाके में गिरीं

बीजिंग: चीन और ताइवान के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी संसद की स्पीकर नैंसी पेलोसी के ताइवान से लौटते ही चीन और एग्रेसिव हो गया है। गुरुवार को चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने ताइवान के ईदगिर्द 6 इलाकों में सैन्य अभ्यास शुरू किया। चीन के 100 से अधिक फाइटर जेट्स ने ताइवान के उत्तरी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी एयरस्पेस में उड़ान भरी।

इससे पहले, ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि PLA ने उनके उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिमी तट के पास 11 डोंगफेंग बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। वहीं, चीन की ओर से दागी गई 5 बैलिस्टिक मिसाइलें जापान के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन (EEZ) में गिरी हैं। जापान के रक्षा मंत्री नोबुओ किशी ने बताया कि डिप्लोमैटिक चैनल के जरिए इस घटना का विरोध दर्ज कराया गया है।

ताइवानी डिफेंस मिनिस्ट्री के मुताबिक, 22 चीनी फाइटर जेट्स ने ताइवान स्ट्रैट को पार किया है।जापान ने तत्काल मिलिट्री ड्रिल खत्म करने की मांग की है। जापान के विदेश मंत्री योशिहामा हयाशी ने कहा- चीनी एक्शन से इस क्षेत्र और इंटरनेशनल कम्युनिटी की शांति-स्थिरता प्रभावित हुई है।ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा- देश ऐसी स्थिति के खिलाफ है, जिससे विवाद पैदा हो। हम जंग नहीं चाहते, लेकिन जंग के लिए तैयार रहेंगे।

चीन ने इस मिलिट्री एक्सरसाइज को ‘लाइव फायरिंग’ नाम दिया है। चीन के सरकारी मीडिया के मुताबिक, यह मिलिट्री ड्रिल ताइवानी तट से सिर्फ 16 किमी दूर की जा रही है। इसमें असली हथियारों और गोला-बारूद का इस्तेमाल किया जा रहा है।

यह एक्सरसाइज 7 अगस्त तक चलेगी। चीन पहले यह ड्रिल ताइवान से करीब 100 किमी दूर करता था, लेकिन नैंसी के दौरे के बाद अब बेहद नजदीक पहुंच गया है। PLA ईस्टर्न थिएटर कमांड के प्रवक्ता सीनियर कर्नल शी यी ने कहा- लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों की टेस्टिंग की जाएगी। मिसाइल का भी टेस्ट होगा।

चीन ताइवान के आस-पास समुद्र में मिलिट्री ड्रिल कर रहा है। ये इलाका काफी बिजी शिपिंग रूट है। इसी रास्ते से सेमीकंडक्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट्स दुनियाभर में भेजे जाते हैं। नैचुरल गैस सप्लाई के लिए भी ये सी-रूट महत्वपूर्ण है। दुनिया के लगभग आधे कंटेनर शिप इसी रास्ते से निकलते हैं। ऐसे में चीन के यहां मिलिट्री एक्सरसाइज करने से शिप को आने-जाने से रोका जा सकता है।

वेस्टर्न पैसिफिक के फिलिपींस सी में गुरुवार को अमेरिकी नेवी का पोत दिखाई दिया। जहां ये पोत दिखा, वह ताइवान का दक्षिणपूर्वी इलाका है। US नेवी ने बताया कि USS रोनाल्ड रीगन पोत वहां रेगुलर पेट्रोलिंग कर रहा है।

नैंसी पेलोसी की ताइवान विजिट को लेकर US और चीन के बीच तनाव बना हुआ था। चीन अमेरिका को धमकी दे रहा था। वो नहीं चाहता था कि पेलोसी ताइवान का दौरा करें। इसी बीच 2 अगस्त को नैंसी ताइवान पहुंच गईं।

चीन ने कहा था कि अगर पेलोसी का प्लेन ताइवान की तरफ गया तो वो उस पर हमला कर देगा। इस धमकी के बाद अमेरिकी नेवी और एयरफोर्स के 24 एडवांस्ड फाइटर जेट्स ने नैंसी के प्लेन को एस्कॉर्ट किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *