आधी रात को फैल गई क्लोरीन गैस, घरों से भागने लगे घबराए लोग

भोपालः मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की मदर इंडिया कॉलोनी में बुधवार रात क्लोरीन गैस टैंक में लीक होने से हड़कंप मच गया। कॉलेनी में रहने वाले लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। घबराए लोग घरों से बाहर निकल गए थे।

कुछ लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। करीब तीन घंटे तक लोग घरों से बाहर रहे हैं। हालांकि, कलेक्टर ने कहा है कि यह रूटीन प्रक्रिया है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। जानकारी के मुताबिक भोपाल के ईदगाह हिल्स में नगर निगम का पानी का फिल्टर प्लांट है। यहां क्लोरीन गैस टैंक भी है। इस में लीकेज होने के बाद लोगों को समस्या हुई।

कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि शाम छह बजे के बाद अचानक यह समस्या हुई। लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। लोग घबराकर घरों से बाहर निकल गए। पानी में क्लोरीन की मात्रा ज्यादा होने से वहां गैस फैलने लगी। इसके बाद उन्हें हमीदिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अब स्थिति नियंत्रण में है। नगर निगम हालात पर लगातार नजर रख रहा है।

कलेक्टर ने बताया कि टैंक से पानी का डिस्चार्ज एक रूटीन प्रक्रिया है। माइनर फॉल्ट के चलते क्लोरीन का टैंक लीक हो गया था। फॉल्ट को सुधार लिया गया है। कोई गंभीर रूप से घायल नहीं है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया, वो भी ठीक हैं। उन्हें केवल प्रिकॉशनरी मेजर के तहत भर्ती किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *