देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया है। पहाड़ों से लेकर निचले इलाकों में भी बादलों ने डेरा डाल दिया है और दिनभर वर्षा के आसार बने रहे। मौसम के करवट लेने से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में पारे में गिरावट दर्ज की गई। साथ ही देर रात तक चोटियों पर हिमपात और निचले क्षेत्रों में वर्षा की संभावना बनी रही। आज भी प्रदेश में वर्षा-बर्फबारी का पूर्वानुमान है।
बुधवार को सुबह से ही देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल मंडराने लगे। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में घने बादलों का डेरा रहा। दिनभर वर्षा के आसार बने रहे। वहीं, ऊंची चोटियों पर हल्के हिमपात की भी सूचना है। मौसम के बदले मिजाज से पारे में गिरावट दर्ज की गई और दिन में फिर से ठंड लौट आई। ज्यादातर क्षेत्रों में पारे में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई। हालांकि, अभी न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है।
चारधाम समेत तमाम चोटियों पर हिमपात के आसार बने हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में कहीं-कहीं आज भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में आंशिक से लेकर आमतौर पर बादल छाये रह सकते हैं। साथ ही हल्की से मध्यम वर्षा-बर्फबारी भी संभव है। शेष जिलों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। पारा भी सामान्य के आसपास बना रह सकता है।

