देहरादून: प्रदेश में जोरदार हिमपात और वर्षा के बाद अब मौसम साफ हो गया है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडरा रहे हैं। ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान सामान्य बने रहने और चटख धूप खिलने से मौसम खुशनुमा हो गया है।मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आज ज्यादार क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादलों के बीच हल्की वर्षा-बर्फबारी हो सकती है।
उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से जारी वर्षा-बर्फबारी का क्रम फिलहाल थम गया है। शनिवार को ज्यादातर क्षेत्रों में आसमान साफ रहा और चटख धूप खिली। जिससे तापमान में भी थोड़ी बढ़ोतरी हुई। पर्वतीय क्षेत्रों में सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बरकरार है। सुबह-शाम पाला भी पहाड़ों में दुश्वारियां बढ़ा रहा है। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे से कुछ राहत है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की वर्षा व बर्फबारी हो सकती है। देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। तापमान सामान्य के करीब बना रह सकता है।
शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए यह सुनिश्चित होना चाहिए कि नगर निकाय क्षेत्रों में कोई भी खुले आसमान के नीचे रात न गुजारे। निकायों को इसका ध्यान रखना होगा।
राज्य के विभिन्न नगर निकायों के अध्यक्षों के साथ फोन पर बातचीत में उन्होंने यह बात कही। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि निकाय क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार रैन बसेरों की संख्या बढ़ाई जाए।उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण-2023 में बेहतर प्रदर्शन के मद्देनजर अभी से तैयारियों में जुटने की अपील भी निकायों से की।
कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने कहा कि पिछले वर्ष पहली बार राज्य को स्वच्छता सर्वेक्षण में छह पुरस्कार प्राप्त हुए। राज्य में कई ऐसे निकाय हैं, जो इस पुरस्कार के हकदार हैं। ऐसे में नगर निकायों को इस वर्ष के स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए अभी स जुटना होगा। शीतलहर को देखते हुए निकाय क्षेत्र के हर मुख्य चौराहों, संपर्क मार्गों, सार्वजनिक स्थलों, बस व रेलवे स्टेशनों में प्रतिदिन अलाव की व्यवस्था करने को भी कहा।