शीतलहर: माउंट आबू में बर्फ जमी,उत्तर भारत में सर्दी का सितम

नई दिल्ली:पिछले तीन-चार दिनों से ठंड से मिली राहत के बाद अब पारा फिर से लुढ़कने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों ने पंजाब-हरियाणा, छत्तीसगढ़ और बिहार जैसे मैदानी राज्यों में शीतलहर की संभावना जताई है। पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी और उत्तर-पूर्व से आने वाली हवा की वजह से आज से फिर ठंड के जोर पकड़ सकती है।दूसरी ओर, माउंट आबू में पिछले 10 दिनों से सुबह के समय जगह-जगह ओस की बूंदें बर्फ में तब्दील हो रही हैं।

हवा की दिशा बदलने की वजह से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को प्रदेश में दुर्ग को छोड़कर कहीं भी शीतलहर के हालात नहीं थे। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार से प्रदेश में उत्तर-पूर्वी हवाओं के फिर चलने से ठंड बढ़ेगी। सरगुजा और बिलासपुर में रात से ही शीतलहर चल सकती है। मैदानी इलाकों और बस्तर में एक-दो दिन बाद ठंड बढ़ने के आसार हैं।

देश के उत्तरी भाग में हो रही बर्फबारी से राजस्थान सहित हिल स्टेशन माउंट आबू में भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। छह दिन तक लगातार माइनस में दर्ज होने के बाद बुधवार को यहां पारा प्लस में आया है। पिछले 10 दिनों से माउंट आबू में सुबह जगह-जगह ओस की बूंदे बर्फ में तब्दील हो रही हैं। बुधवार को यहां का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया।

दिल्ली में लोधी रोड पर बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां अगले 4-5 दिन पारा 3 और 4 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। पश्चिमी हवाओं की वजह से दिल्ली में ठंड जारी रहने का अनुमान है।भोपाल में रात के समय ठंडक बनी हुई है। यहां दिन में दक्षिण-पूर्वी हवा चल रही है, जबकि शाम होते ही यह बदलकर उत्तर-पूर्वी हो जाती हैं। भोपाल में बुधवार रात का तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया।

हरियाणा में हिसार का तापमान लगातार दूसरे दिन सबसे नीचे 2.7 डिग्री पर रहा। कुछ इलाकों में सुबह पाला भी जमा। धुंध के चलते करनाल में विजिबिलिटी 50 मीटर रह गई। रोहतक में दिन का पारा 17.8 डिग्री पर आ गया, जो सामान्य से 4 डिग्री कम है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि कड़ाके की सर्दी का दौर 25 दिसंबर तक जारी रह सकता है। इस दौरान शीतलहर चलने के भी आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों ने पंजाब के सभी जिलों में अगले दो दिन शीतलहर चलने की चेतावनी दी है। इससे रात के समय कड़ाके की ठंडी पड़ेगी। राज्य का औसत तापमान रात के समय 3 से 5 डिग्री और दिन का 20 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया है। पंजाब के विभिन्न जिलों में 27 दिसंबर को बारिश के आसार हैं। इनमें दोआबा और अमृतसर क्षेत्र शामिल है। पंजाब का लुधियाना 2.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा।

पटना सहित बिहार के कई इलाकों में मौसम वैज्ञानिकों ने घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 10 से 12 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा से बर्फीली हवाएं चलेंगी। अरब सागर से आने वाली नमीयुक्त हवाओं की वजह से पटना सहित बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में कोहरे की चादर फैली हुई है। बुधवार को छपरा, दरभंगा और मुजफ्फरपुर में कोल्ड डे रहा। गया में रात सबसे सर्द और फारबिसगंज में दिन सबसे गर्म रहा।

झारखंड में अभी 29 दिसंबर तक कड़ाके की ठंड नहीं पड़ेगी। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। दो दिन बाद 26 दिसंबर को अधिकतम तापमान में और इजाफा होगा, क्योंकि उत्तर भारत से एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ झारखंड में प्रवेश करने वाला है। इस वजह से कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *