केदारनाथ में दर्शन का समय बदला !

रुद्रप्रयाग। मौसम की चुनौतियों के बीच चारधाम यात्रा को लेकर तीर्थ यात्रियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। एक सप्ताह में ही चारों धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा ढाई लाख के पार पहुंच गया है। इस बीच केदारनाथ में तीर्थ यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर समिति ने दर्शन का समय आधा घंटा बढ़ा दिया है।

मंदिर समिति के कार्याधिकारी आरसी तिवारी ने बताया कि अब साफ-सफाई और भोग लगाने के लिए मंदिर को डेढ़ घंटा के बजाय एक घंटा बंद रखा जाएगा। दोपहर में तीन बजे के बजाय साढ़े तीन बजे मंदिर बंद होगा और शाम को साढ़े चार बजे खोल दिया जाएगा। रात्रिकालीन विशेष पूजा भी रात 11 बजे से शुरू की जा रही हैं।

कपाट खुलने के बाद से अब तक श्रद्धालु चारों धाम में दर्शन कर चुके हैं। सबसे ज्यादा उत्साह बाबा केदार के दर पर देखा जा रहा है। यहां 91,838 तीर्थयात्री मत्था टेक चुके हैं। इनमें 14,273 तीर्थ यात्रियों ने रविवार को दर्शन किए। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं का तांता लग रहा है। दिनभर में 7408 श्रद्धालुओं ने मां गंगा और 5957 ने मां यमुना के दर्शन किए। गंगोत्री में कुल 61,379 और यमुनोत्री में 55,239 तीर्थयात्री पहुंचे। इधर, तीर्थ यात्रियों ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए।

यमुनोत्री पंडा पुरोहित सभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि गंगोत्री में औसतन सात हजार, जबकि यमुनोत्री में छह हजार तीर्थयात्री प्रतिदिन दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि, यह संख्या काफी कम है। यमुनोत्री धाम में 10 से 12 हजार तीर्थयात्री प्रतिदिन दर्शन कर सकते हैं। मौसम की चेतावनी के कारण भी तीर्थयात्री कम पहुंच रहे हैं। उम्मीद है कि 10 मई के बाद चारधाम यात्रा चरम पर होगी।

केदारनाथ में नगर पंचायत, सुलभ संस्था और स्थानीय व्यापारियों के सहयोग से शंकराचार्य समाधि से अलकनंदा नदी पर स्थित भैरवनाथ पुल तक सफाई अभियान चलाया गया। इसमें लगभग दो कुंतल प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया। अभियान में व्यापार संस्था के अध्यक्ष चंडी प्रसाद तिवारी, नगर पंचायत से मुकेश, सुलभ संस्था से आदित्य समेत 30 लोग सम्मिलित रहे।

केदारनाथ में बढ़ रही भक्तों की भीड़ और मौसम की चुनौती के मद्देनजर श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने समिति के मुख्य कार्याधिकारी योगेंद्र सिंह को धाम में कैंप करने का निर्देश दिया है। बीकेटीसी अध्यक्ष स्वयं बदरीनाथ में डेरा जमाए हैं और व्यवस्था को सुचारु करने में जुटे हैं। केदारनाथ के साथ ही बदरीनाथ धाम में रुक-रुक कर वर्षा और बर्फबारी हो रही है।

इससे श्रद्धालुओं को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम बदरीनाथ धाम में महायोजना के कार्यों पर भी असर डाल रहा है। ऐसे में बीकेटीसी अध्यक्ष स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और तीर्थ यात्रियों से फीडबैक लेकर उनकी समस्याओं के समाधान को प्रशासन व शासन के अधिकारियों से बात कर रहे हैं।

केदारनाथ में पुलिस “आपरेशन मुस्कान” के तहत भक्तों की मदद में जुटी है। शनिवार रात एक महिला गौरीकुंड में स्वजन से बिछड़ गई। गौरीकुंड पुलिस ने यह सूचना अन्य थाना-चौकियों में भेजी। गुप्तकाशी थाना पुलिस भी महिला के स्वजन की तलाश में जुटी थी।

पुलिस के प्रयास से उर्मिला देवी पत्नी सरयू प्रसाद यादव निवासी मोतीलाल नगर गोरा गांव, मुंबई (महाराष्ट्र) को रविवार सुबह उनके स्वजन मिल गए। वहीं, धाम में झारखंड से आई केकती बाई चंद्राकर का पर्स खो गया था, जो एक पुलिसकर्मी को मिला। पुलिस उपाधीक्षक विवेक कुमार ने मंदिर परिसर में लाउडस्पीकर से इसकी घोषणा करवाई। कुछ देर बाद महिला वहां पहुंची और पुलिस ने पर्स उसे सौंप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *