केदारनाथ में उमड़ रहा आस्था का सैलाब

रुद्रप्रयाग:  केदारनाथ में मौसम खराब होने के बावजूद बड़ी संख्या में भक्त दर्शन को पहुंच रहे हैं। पिछले एक महीने के दौरान 5,16,257 भक्त अब तक दर्शन कर चुके हैं। केदारनाथ यात्रा के शुरुआत से ही लगातार बर्फबारी का दौर जारी है, जो एक महीने बाद भी अभी तक बना हुआ है।

इसके बावजूद देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में भक्त दर्शनों को पहुंच रहे हैं। मौसम खराब होने से हेली सेवाएं भी अक्सर बाधित हो रही हैं। केदारनाथ में प्रतिदिन औसतन 20 हजार यात्री दर्शन कर रहे हैं। यदि मौसम ठीक रहा तो आने वाले जून माह में भी यात्री बड़ी संख्या में दर्शनों को पहुंचने की उम्मीद है। वहीं शुक्रवार 26 मई को केदारनाथ में मौसम साफ बना रहा।

गंगोत्री धाम में बिजली व्यवस्था चरमराने लगी है। जबकि ऊर्जा निगम ने गंगोत्री धाम में यात्रा के दौरान सुचारू बिजली आपूर्ति के दावे किए थे। गुरुवार की दोपहर गंगोत्री धाम में बिजली गुल हुई। जो शुक्रवार सुबह तक भी सुचारू नहीं हो पाई। जिसके कारण तीर्थपुरोहितों, व्यापारियों व तीर्थयात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऊर्जा निगम की ओर से बिजली आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई है।

गंगोत्री धाम में उरेड़ा की केदार गंगा लघु जल विद्युत परियोजना और रुद्रगैरा लघु जल विद्युत परियोजना का भी संचालन नहीं किया गया है। गंगोत्री व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष सत्तेंद्र सेमवाल ने कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले बिजली पूर्ति व्यवस्था पूरी तरह से बाधित रही। उस समय ऊर्जा निगम ने दावा किया था कि चारधाम यात्रा शुरू होते ही गंगोत्री धाम में बिजली की सुचारू आपूर्ति होगी। परंतु अब यात्रा अपने पीक पर चल रही है तो बिजली की आंख मिचौली हो रही है।

गुरुवार की दोपहर को बिजली गुल हुई। जिसके बाद शुक्रवार सुबह तक भी बिजली आपूर्ति सूचारू नहीं हुई। बिजली की आपूर्ति को सुचारू करने के लिए गंगोत्री में ऊर्जा निगम का कोई सक्षम अधिकारी भी नहीं है। साथ ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की गई है। वहीं चारधाम के मुख्य पड़ाव भैरवघाटी, लंका, धराली, झाला, जसपुर, सुक्की, गंगनानी, सुनगर में भी गुरुवार की दोपहर से बिजली आपूर्ति ठप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *