‘रिंगाल’ पहाड़ की पहचान

रिंगाल जैसे स्थानीय संसाधनों का सही उपयोग और आधुनिक प्रशिक्षण ही आत्मनिर्भर उत्तराखंड की नींव बनेगा : आरती नवानी ( अध्यक्ष – नगर पंचायत , पीपलकोटी )
पीपलकोटी, (चमोली) उत्तराखंड की पारंपरिक हस्तशिल्प कला ‘रिंगाल’ अब न केवल पहाड़ की पहचान बन रही है, बल्कि आधुनिक तकनीक के समावेश से स्थानीय शिल्पियों की आय का मुख्य जरिया भी साबित हो रही है। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए पीपलकोटी स्थित रिंगाल एवं काष्ठ शिल्प ग्रोथ सेंटर में अनुसूचित जाति उपयोजना (SCP) के अंतर्गत जिला उद्योग केंद्र चमोली के सहयोग से संचालित एक माह का विशेष रिंगाल प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

एक माह के इस गहन उत्पादन एवं नवीन डिजाईन आधारित प्रशिक्षण शिविर में 24 प्रशिक्षणार्थियों को रिंगाल से आकर्षक और बाजार की मांग के अनुरूप शानदार उत्पाद बनाने की बारीकियां सिखाई गईं। शिल्पियों ने बांस और रिंगाल के मेल से घरेलू उपयोग के साथ-साथ सजावटी सामान तैयार करने की आधुनिक विधाएं सीखीं, जिससे उनके उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सकेगी।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची नगर पंचायत अध्यक्षा आरती नवानी ने शिल्पियों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों का सही उपयोग और आधुनिक प्रशिक्षण ही आत्मनिर्भर उत्तराखंड की नींव बनेगा। जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक अंजलि रमन ने शिल्पियों को प्रोत्साहित करते हुए बताया कि विभाग द्वारा इन उत्पादों की मार्केटिंग और बिक्री के लिए हर संभव मदद दी जाएगी ।

उत्तराखंड बांस एवं रेशा विकास परिषद के जिला समन्वयक आशीष प्रसाद ने तकनीक और गुणवत्ता पर जोर देते हुए बताया कि किस तरह से पारंपरिक उत्पादों को नया रूप देकर अंतरराष्ट्रीय बाजार की प्रतिस्पर्धा में उतारा जा सकता है।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में – ग्रोथ सेंटर का सञ्चालन करने वाली हिमालय स्वायत्त सहकारिता के अध्यक्ष और रिंगाल प्रशिक्षक रमेश लाल, सदस्य मुखौटा निर्माण विशेषज्ञ धर्म लाल, उत्तराखंड बांस एवं रेशा विकास परिषद् के मास्टर ट्रेनर और सहकारिता के कोषाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने हश्तशिल्पियों को प्रशिक्षण दिया !

इस अवसर पर बेडूमाथल ,किरुली और नौरख पीपलकोटी के ग्रामीण प्रशिक्षणार्थी अनीता देवी, अंजलि आर्य , गोदाम्बरी देवी , संदीप लाल ,पूजा देवी, बिरेन्द्र कुमार, प्रियंका देवी , कविता देवी, सरिता देवी , शकुंतला देवी, द्वारिका लाल , मोहन लाल, श्रीमति गुड्डी देवी, जयंती देवी , मनीषा देवी, श्रीमती रश्मि देवी , कुमारी अमृता, राजकर्मा देवी , उषा देवी , सरस्वती देवी, श्रीमती सरिता चुनेरा, श्री रमेश लाल, नौरख वार्ड नम्बर 1 की पार्षद पूजा देवी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। प्रशासन का मानना है कि रिंगाल उद्योग में आ रहे इस बदलाव से पलायन पर रोक लगेगी और स्थानीय युवाओं को गांव में ही सम्मानजनक स्वरोजगार प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *