भारत चुनौतियों का दृढ़ता से सामना कर रहा है: पीएम

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मार्च के आखिरी रविवार को अपने चर्चित रेडियो कार्यक्रम मन की बात में बोल रहे हैं. इस दौरान उन्होंने विभिन्न विषयों पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की बड़ी भूमिका है. प्रधानमंत्री मोदी ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में कहा, ‘मार्च का यह महीना वैश्विक स्तर पर बेहद घटनापूर्ण रहा है. हम सभी को याद है कि कोरोना के कारण दुनिया को लंबे समय तक कई समस्याओं का सामना करना पड़ा था. हमें उम्मीद थी कि इस संकट से उबरने के बाद दुनिया एक नई शुरुआत के साथ प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगी. हालाँकि, अलग-अलग क्षेत्रों में युद्ध और संघर्ष के हालात लगातार सामने आते रहे हैं.’

उन्होंने आगे कहा, ‘अभी पिछले एक महीने से हमारे पड़ोस में एक भीषण युद्ध चल रहा है. लाखों भारतीय परिवारों के रिश्तेदार इन देशों में विशेष रूप से खाड़ी देशों में रहते और काम करते हैं. मैं खाड़ी देशों का बहुत आभारी हूँ कि उन्होंने वहाँ मौजूद एक करोड़ से अधिक भारतीयों को हर तरह की सहायता प्रदान की है.’प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, जिस क्षेत्र में युद्ध चल रहा है, वह हमारी ऊर्जा जरूरतों का एक प्रमुख केंद्र है, जिसके कारण दुनिया भर में पेट्रोल और डीजल का संकट पैदा हो रहा है. भारत अपने वैश्विक संबंधों, विभिन्न देशों से मिली सहायता और पिछले एक दशक में अपनी बनाई क्षमताओं के कारण इन चुनौतियों का दृढ़ता से सामना कर रहा है.’

पीएम मोदी ने कहा, ‘यह निस्संदेह एक चुनौतीपूर्ण समय है. ‘मन की बात’ के माध्यम से मैं एक बार फिर नागरिकों से आग्रह करता हूँ कि वे एकजुट रहें और इस चुनौती का सामना करें. जो लोग इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, उन्हें ऐसा करने से बचना चाहिए, क्योंकि यह 140 करोड़ नागरिकों के हितों से जुड़ा मामला है. इसमें स्वार्थ-भरी राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है. जो लोग अफवाहें फैला रहे हैं, वे देश को बहुत नुकसान पहुँचा रहे हैं. इसलिए मैं सभी से अपील करता हूँ कि वे सतर्क रहें और गलत जानकारियों से गुमराह न हों.’

उन्होंने कहा, ‘यह महीना पूरे देश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद रोमांचक रहा है. टी20 विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक जीत ने पूरे राष्ट्र को खुशियों से भर दिया है. हमें अपनी टीम की इस शानदार सफलता पर गर्व है. आप में से कई लोगों ने इंस्टाग्राम कंटेंट क्रिएटर युवराज दुआ की पोस्ट पर मेरे जवाब पर टिप्पणी की. युवराज ने मुझसे आग्रह किया था कि मैं उनके पिता से चीनी का सेवन कम करने के लिए कहूँ. मुझे खुशी है कि मेरे इस आग्रह का सकारात्मक असर हुआ. मैं भी सभी से आग्रह करूँगा कि वे चीनी का सेवन कम करें.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *