600 घरों में चली जेसीबी

लालकुआं: रेलवे विभाग द्वारा पुलिस प्रशासन के सहयोग से नगीना कालोनी में चल रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। अतिक्रमण हटा रही चार जेसीबी, दो पोकलेंड व भारी पुलिस बल को देखकर कब्जा धारक खुद अपने घरों को खाली कर रहे थे। इसी के साथ 40 वर्ष पूर्व बसी कालोनी दो दिन में ध्वस्त हो गई।

हाई कोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार को रेलवे ने लालकुआं स्थित नगीना कालोनी में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। पहले दिन सवा सौ हेक्टेयर भूमि से करीब तीन सौ घरों को हटा दिया गया था। शुक्रवार को प्रात: 10 बजे से उपजिलाधिकारी मनीष कुमार, एसपी सिटी सरदार हरबंस सिंह के नेतृत्व में रेलवे व जिला प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान फिर से शुरू हुआ।

अतिक्रमण हटाने की रफ्तार को तेज करने के लिए प्रशासन द्वारा शुक्रवार को चार जेसीबी के अलावा दो पोकलेंड की मदद ली गई। जिसे देखकर ग्रामीणों ने अपने घरों को खाली करना शुरू कर दिया। शाम तक दो हेक्टेयर भूमि से करीब तीन सौ अन्य कच्चे व पक्के घरों को तोड़ कर जमीन खाली कर दी गई।

नगीना कालोनी में दो दिन से अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा है। ग्रामीण खुले आसमान के नीचे दिन व रात गुजारने को मजबूर है। चुनाव के समय वोट के चौखट दर चौखट पहुंचने वाले किसी भी जन प्रतिनिध ने इनकी सुध नहीं ली। ऐसे में सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल ने शुक्रवार को नगीना कालोनी जाकर हालात का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर बेदखल हुए लोगों के लिए कुछ दिन के लिए भोजन पानी की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने नेहा रोटी बैंक को बेदखल लोगों के लिए एक समय के भोजन की व्यवस्था भी की। उन्होंने कहा कि रेलवे को अतिक्रमण करते समय ही उन्हें हटा देना चाहिए। 40 साल तक रहने के बाद अतिक्रमण हटाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

अतिक्रमण हटने के बाद सैंकड़ों लोग भीषण गर्मी के बीच खुले आसमान के नीचे आ गए है। गुरुवार प्रात: से ही मासूम बच्चे भूख व प्यास से बिलखते रहे। ऐसे में किसी भी सामाजिक व्यक्ति व संस्था ने उनकी सुध नहीं ली।गुरुवार साम को नेहा रोटी बैंक ने इनके भोजन की जिम्मेदारी ली है। नेहा रोटी बैंक के संचालक फिरोज खान व बौबी सम्मल ने बताया कि मानवीय दृष्टीकोण को देखते हुए वह बेदखल लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था कर रहा है।

रेलवे विभाग ने गुरुवार को सेंचुरी पेपर मिल के आवासीय क्षेत्र की दीवार से सटे करीब पांच दर्जन घरों में नोटिस चस्पा कर सात दिन में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए है।सहायक मंडल इंजीनियर रेलवे सुबोध थपलियाल ने बताया कि अगर ग्रामीणों ने खुद अतिक्रमण नहीं हटाया तो सात दिन बाद यानि 26 मई को रेलवे द्वारा बलपूर्वक अतिक्रमण हटाया जाएगा। इसके साथ ही अन्य बचे अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा।

सीओ हल्द्वानी भुपेंद्र सिंह धौनी, सीओ लालकुआं संगीता, तहसीलदार सचिन कुमार, सहायक मंडल इंजीनियर रेलवे सुबोध थपलियाल, सीनियर सैक्शन इंजीनियर रेलवे रोशन लाल जयशवाल, गौरव गौतम, कोतवाल डीआर वर्मा, उपनिरीक्षक नीरज भाकुनी, प्रमोद पाठक, नंदन रावत, विमल मिश्रा, भगवान सिंह महर, महेश जोशी, मनोज नयाल के साथ ही जनपद के तमाम थानों का पुलिस बल, महिला पुलिस, पीएसी की एक प्लाटून, फायर बिग्रेड, एंबुलेंस, गुप्तचर विभाग व विद्युत विभाग की टीम मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *