रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 के आगाज का काउंटडाउन शुरू हो गया है. अब महज 10 दिन बचे हुए हैं. 19 अप्रैल को यमुनोत्री-गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का आगाज हो जाएगा.अगर केदारनाथ धाम की बात करें तो 22 अप्रैल को कपाट खुलेंगे, लेकिन केदारपुरी में अभी ताजा बर्फबारी हुई है. जिससे यात्रा की तैयारियां प्रभावित हुई है, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की टीमें धाम क्षेत्र और पैदल यात्रा मार्ग को सुचारू बनाने में लगातार जुटी हुई हैं.
केदारनाथ धाम यात्रा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. 22 अप्रैल से शुरू होने वाली इस महत्वपूर्ण यात्रा से पहले विषम मौसम परिस्थितियों के बावजूद तमाम टीमें व्यवस्थाएं मुकम्मल करने मे जुटी हैं.पिछले तीन-चार दिनों से केदारनाथ धाम क्षेत्र में हो रही भारी बर्फबारी ने चुनौतियां जरूर बढ़ाई हैं, लेकिन प्रशासन की कार्यशैली पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है. कठिन हालात के बीच भी तैयारियों का कार्य लगातार जारी है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जा रही है.
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी भारी बर्फबारी की संभावना जताई है, जिसके चलते प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है. आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मैनपॉवर और संसाधनों की तैनाती की जा रही है. ताकि कार्य प्रभावित न हो.जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है. यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं. विपरीत परिस्थितियों के बावजूद प्रशासनिक टीमें यात्रा व्यवस्थाएं जुटाने में लगी हैं.
