लैंडस्लाइड, 8 बच्चों समेत 34 की मौत

बोगोटा: साउथ अमेरिकी देश कोलंबिया में बड़ा हादसा हुआ। यहां रिसाराल्डा प्रांत में एक बस लैंडस्लाइड की चपेट में आ गई। इस हादसे में 34 लोगों की मौत हो गई। नेशनल यूनिट फॉर डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट (UNGRD) के मुताबिक, मरने वालों में 8 बच्चे हैं। मलबे में अभी भी कई लोग दबे हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

एक अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश के बाद रिसाराल्डा प्रांत में भूस्खलन हो गया। बस के साथ कुछ अन्य गाड़ियां भी मलबे में दब गईं। बस कैली शहर से चोको प्रांत के कोंडोटो शहर जा रही थी। तभी प्यूब्लो रिको और सांता सेसिलिया के बीच यह हादसा हुआ।

हादसे के दौरान घटनास्थल पर मौजूद एक शख्स ने आंखोंदेखी बताई। उसने कहा- पहले एक कार हादसे का शिकार हुई। इसके चलते रास्ता बंद हो गया। पीछे आ रही गाड़ियां रुक गईं। हादसे के बाद एक जीप, बस और मोटरबाइक यहां रुकी हुई थी तभी अचानक से लैंडस्लाइड हुआ। मलबा इतनी तेजी से नीचे आया की कोई भाग नहीं पाया। बस में 2 ड्राइवर थे। कई यात्री भी सवार थे।

कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने बताया- इस मुश्किल समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। रेस्क्यू टीम के अधिकारी ने बताया कि फिलहाल 9 लोगों को बचाया जा चुका है। इनमें एक 7 साल की बच्ची को मलबे से जिंदा बाहर निकाला। हादसे में उसकी मां की मौत हो गई है।

एक अधिकारी ने कहा- मरने वाले एक शख्स की पहचान गुइलेर्मो इबारगुएन के रूप में हुई है। उनके बेटे ने कहा- हादसे के बाद मैं डर गया था। पापा ने बस से निकलने में मेरी मदद की। उन्होंने मुझसे खिड़की के बाहर कूदने के लिए कहा, जैसे ही मैं बस से बाहर निकाला तो मैंने देखा की चारों तरफ कीचड़ और मिट्टी है।

पापा ने मां और मेरी बहन को भी बाहर निकाला, लेकिन वो खुद को बाहर नहीं निकाल पाए।कोलंबिया की नेशनल यूनिट फॉर डिजास्टर रिस्क मैनेजमेंट (UNGRD) के मुताबिक, 2022 में अब तक 216 लोगों की मौत हुई है। 5 लाख 38 हजार से ज्यादा लोग बेघर हो गए।

साउथ अमेरिकी देश वेनेजुएला में बाढ़ और भारी बारिश की वजह से हालात बेहद खराब हो गए। लैंडस्लाइड में 22 लोगों की मौत हुई। 3 राज्यों में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा नुकसान राजधानी के पास लास तेजेरियस शहर में हुआ। राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने 3 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया।​​​​

इटली के इस्चिया आईलैंड में भारी बारिश के बाद भूस्खलन हो गया। इस घटना में एक महिला की मौत हो गई। कंपानिया इलाके में रहने वाली लिसा मोकियारो ने बताया कि लैंडस्लाइड के बाद घर, सड़कों सब तबाह हो गया। उन्होंने कहा- रात करीब 3 बजे तेज गर्जन सुनाई दी। इसके बाद पहली लैंडस्लाइड हुई। 5 बजे के आस-पास दूसरा भूस्खलन हुआ। आस-पास का मंजर बहुत ही खतरनाक था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *