मोहब्बत: 35 गर्लफ्रेंड संग एक साथ डेट, एक गलती पड़ी भारी

टोक्यो: जापानी पुलिस ने एक ही समय में 35 अलग-अलग महिलाओं को डेट करने वाले शख्स को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति ने सभी महिलाओं से गिफ्ट और वाउचर के चक्कर में अपना अलग-अलग जन्मदिन बताया था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करते हुए जेल भेज दिया है। बड़ी बात यह है कि आरोपी शख्स के पास रहने का कोई निश्चित ठिकाना तक नहीं है।

पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की पहचान कंसाई में रहने वाले एक पार्ट टाइम वर्कर ताकाशी मियागावा के रूप में की है। अपनी रिपोर्ट में पुलिस ने लिखा है कि पकड़ा गया आरोपी डेट करने वाली सभी 35 महिलाओं से अपने जन्मदिन की तारीख अलग-अलग बताई थी। पुलिस ने उसपर 35 महिलाओं को धोखा देने और रिलेशनशिप को लेकर गंभीर होने का नाटक करने का आरोप लगाया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ताकाशी मियागावा का असली जन्मदिन 13 नवंबर को होता है। मियागावा की 47 साल की एक प्रेमिका ने बताया कि उसका जन्मदिन 22 फरवरी को था, जबकि 40 साल की एक दूसरी महिला ने कहा कि उसने जुलाई में जन्मदिन बताया था। 35 साल की एक दूसरी महिला ने बताया कि उसका जन्मदिन अप्रैल में था। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि पीड़ित महिलाओं की संख्या 35 से भी ज्यादा हो सकती है।

इन महिलाओं ने मियागावा पर 70 हजार रुपये तक के मूल्य के उपहार लेने का आरोप लगाया है। इसमें कपड़े, गिफ्ट आइटम और कैश शामिल है। आरोपी इन सभी पीड़ित महिलाओं से हाइड्रोजन वॉटर शॉवर हेड और अन्य उत्पादों की बिक्री करने वाली एक मार्केटिंग कंपनी के लिए काम करते समय मिला था।

आरोपी ने घर-घर प्रोडक्ट बेचने के दौरान उन महिलाओं को निशाना बनाया, जो अकेली रहती थीं। वह उनसे अच्छे रिलेशनशिप में रहने और बाद में शादी करने का झांसा देकर गिफ्ट और पैसे एठता था। जब महिलाओं को इसकी करतूतों का पता चला तो उन्होंने एक संगठन का गठन किया और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद से पुलिस ने मियागावा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *