पत्नी के साथ सोया था प्रेमी, कुल्हाड़ी से काट डाला

देहरादून: पत्नी को प्रेमी के साथ सोता देख आगबबूला हुए पति ने कुल्हाड़ी से काटकर प्रेमी की हत्या कर दी। मृतक के चेहरे पर कुल्हाड़ी से कई वार किए गए थे। मौके से फरार हुए हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया गया। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पुलिस आरोपी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश करेगी।

घटना रायपुर थाना क्षेत्र के मयूर विहार के पास निर्माणाधीन मकान में बुधवार रात हुई। पुलिस के मुताबिक, निर्माणाधीन मकान के पास फास्ट फूड की दुकान चलाने वाले विनोद कुमार ने पुलिस को सूचना दी कि यहां एक मजदूर की हत्या कर दी गई है। पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

मृतक की पहचान मध्य प्रदेश के पन्ना निवासी बद्री उर्फ विजयपाल के रूप में हुई। उसके चेहरे पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए गए थे। पुलिस ने तफ्तीश की तो पता चला कि बद्री यहां एक झुग्गी में रहता था। पास ही में एक झुग्गी में हरिराम नाम का मजदूर अपनी पत्नी के साथ रहता है।

वह रात से अपनी झुग्गी में नही था जबकि उसकी पत्नी वहीं पर मौजूद थी। पता चला कि बद्री की हत्या हरिराम ने ही की है। पुलिस ने हरिराम को कुछ देर बाद ही आईएसबीटी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हरिराम ने बताया कि उसकी पत्नी और बद्री का लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।

दोनों ने बुधवार रात को उसकी झुग्गी में बैठकर शराब पी थी। इसके बाद बद्री अपनी झुग्गी में चला गया और हरिराम भी सो गया। रात में जब हरिराम की नींद खुली तो उसने देखा कि पत्नी वहां नहीं है। उसने बद्री की झुग्गी में देखा तो उसकी पत्नी हरिराम के बिस्तर पर लेटी थी।

यह देखकर वह आगबबूला हो गया। उसने वहां पड़ी कुल्हाड़ी उठाई और बद्री के चेहरे पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। उसने पत्नी के साथ भी मारपीट की और भाग निकला। एसओ रायपुर कुंदन राम ने बताया कि आरोपी देहरादून से भागने की तैयारी कर रहा था।

पुलिस जांच में पता चला कि हरिराम की पत्नी और बद्री का कई साल से प्रेम-प्रसंग था। दो साल पहले पन्ना, मध्य प्रदेश में ही दोनों परिवार रहते थे। उस वक्त बद्री की पत्नी को लेकर हरिराम कहीं चला गया था। कुछ दिन बाद वापस आया तो गांव में पंचायत बैठी। पंचायत ने हरिराम पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाकर सुलह करा दी। छह महीने पहले ही हरिराम और बद्री देहरादून में काम करने थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *