देहरादून। राजधानी में अचानक बढ़ते अपराधों के बीच शासन ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर दिया है। बीते 17 दिनों में देहरादून में पांच हत्याएं हो चुकी हैं। शुक्रवार को स्टोन क्रशर संचालक विक्रम शर्मा (45) की हत्या के बाद कानून-व्यवस्था पर सवाल और तेज हो गए। माना जा रहा है कि इसी पृष्ठभूमि में शासन ने देहरादून के एसएसपी को हटाते हुए व्यापक स्तर पर पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं।
राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 अधिकारियों के तबादले किए हैं। शुक्रवार को गृह विभाग की ओर से जारी आदेश में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक समेत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जारी सूची के अनुसार डॉ. निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) बनाया गया है, जबकि प्रह्लाद नारायण मीणा को पुलिस उपमहानिरीक्षक, सतर्कता मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। ए.के. सिंह को सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी से प्रधानाचार्य पीटीसी नरेंद्रनगर नियुक्त किया गया है।
राजधानी देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह का तबादला कर उन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ बनाया गया है, जबकि देहरादून की कमान परमेन्द्र डोभाल को सौंपी गई है।
अजय गणपति कुमार को चंपावत से ऊधम सिंह नगर भेजा गया है। पी. रेणुका देवी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर से पुलिस अधीक्षक अभिसूचना बनाया गया है, जबकि प्रदीप कुमार राय को अभिसूचना से सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी रामनगर भेजा गया है।
रजनी रावत को पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ से चंपावत और देवेंद्र पींचा को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा से सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर बनाया गया है।
निहारिका तोमर को अपराध एवं यातायात ऊधम सिंह नगर से पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग, जबकि जितेंद्र कुमार मेहरा को अपराध एवं यातायात हरिद्वार से पुलिस अधीक्षक बागेश्वर भेजा गया है।
जितेंद्र चौधरी को पुलिस अधीक्षक हरिद्वार से अपराध एवं यातायात ऊधम सिंह नगर तथा निशा यादव को पुलिस अधीक्षक हरिद्वार से अपराध एवं यातायात हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है।
मनोज ठाकुर को अपर पुलिस अधीक्षक सीआईडी से कोटद्वार पीओ गढ़वाल भेजा गया है, जबकि चन्द्रमोहन सिंह को कोटद्वार से पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) अभिसूचना देहरादून नियुक्त किया गया है।

