देश के कई हिस्से तप रहे

नई दिल्ली: फरवरी में ही दिल्ली, भोपाल, जयपुर सहित देश के तमाम हिस्सों में भी गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। रविवार को दिल्ली का पारा 31.5 डिग्री तक पहुंच गया, जो पिछले 14 साल में फरवरी माह के पहले 19 दिन में सबसे ज्यादा है। फरवरी में अधिकतम तापमान का ऑल टाइम रिकॉर्ड 34.1 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो साल 2006 में 26 फरवरी को गया था।

वहीं साल 2021, 2018, 2017 और 2010 में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री से अधिक गया था, लेकिन यह आंकड़ा 20 फरवरी के बाद ही छू पाया। बारिश की बात करें तो इस साल फरवरी में एक दिन भी बारिश नहीं हुई है। इससे पहले साल 2018 के फरवरी माह में एक दिन भी बारिश नहीं हुई थी। मौसम विभाग की माने तो अगले दो दिनों तक दिल्ली में गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है। 22 फरवरी से मौसम में कुछ बदलाव होगा और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

अरब सागर में बने प्रति चक्रवात से भोपाल का मौसम भी बदल दिया है। 9 दिन बाद पारा 33 डिग्री के करीब पहुंचा। दिन के तापमान में 2.7 डिग्री का इजाफा हुआ। रात के तापमान में 72 घंटे से कोई बदलाव नहीं हुआ। सुबह 5:30 बजे पारा 14 डिग्री पर था। यह सुबह 11:30 बजे 28 डिग्री पर पहुंच गया था। इससे पहले 10 फरवरी को दिन का तापमान 32.8 डिग्री दर्ज किया गया था। पिछले 3 दिन से न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री ही बना हुआ है।

मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि अरब सागर में बने इस प्रति चक्रवात के कारण हवा में नमी खत्म हो गई है। आसमान साफ है। इस कारण दिन में तपिश बढ़ गई है। रात में ठंडक जल्दी और तेजी से होने के कारण तापमान बढ़ नहीं पा रहा है।

जयपुर के पारे में रविवार को करीब 3 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया। इससे दोपहर में लोगों को तेज गर्मी का अहसास हुआ। शनिवार को जहां राजधानी में दिन का पारा 30.4 डिग्री सेल्सियस था, जो रविवार को उछलकर 33.2 डिग्री पर पहुंच गया।

अचानक तापमान में आए इस उछाल के चलते दिन का पारा सामान्य से अधिक पहुंच गया। रात का पारा 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले 24 घंटे में तापमान में कमी के आसार नहीं है। आंशिक रूप से बादल छाए हुए रह सकते हैं।

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के अनुसार, रविवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 31.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में अधिकतम तापमान में बढ़त हो रही है। रविवार को पीतमपुरा इलाके में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पारा बढ़ेगा। हालांकि मंगलवार को इसमें मामूली सुधार हो सकता है। 25 फरवरी तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 30 डिग्री ही बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन से चार दिन सुबह के समय दिल्ली, चंडीगढ़ व हरियाणा में मौसम साफ रहेगा। दिल्ली में सोमवार सुबह हल्की धुंध छा सकती है, लेकिन दिन में धूप खिलने से मौसम गर्म होगा। वहीं अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री रहने का अनुमान है।

साल 2019 के फरवरी माह में सबसे ज्यादा 19 दिन बारिश दर्ज हुई है। जबकि इस साल एक बार भी बारिश नहीं हुई। बारिश के अभाव में मौसम गर्म हो रहा है। इससे पहले साल 2018 और 2017 में एक बार भी बारिश नहीं हुई। इस दौरान औसत अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री ही दर्ज किया गया। विभाग की माने तो इस सप्ताह भी बारिश की कोई संभावनाएं नहीं बन रही हैं। हालांकि बादल छाए रह सकते हैं।

जानकारी के अनुसार रविवार को दोपहर बाद धुंधी में अचानक पहाड़ी से हिमस्खलन हो गया, जिस कारण सड़क पर भारी मात्रा में बर्फ का मलबा आ गया है। मनाली में इस माह चार बार हिमस्खलन हुआ है, जबकि तीन दिन में यह तीसरी बार हुआ है। पुलिस ने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *