मथुरा:उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के पांच लोगों ने एक साथ आत्महत्या कर ली. घर में मौजूद पति-पत्नी और तीनों बच्चों ने जहर खाकर अपनी जान दे दी है. पांचों के शव घर के अंदर से मिले.
बताया जा रहा है कि किसी बात से परेशान पति-पत्नी ने पहले अपने बच्चों को जहर दिया और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली. इस घटना की जानकारी मिलते ही परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसर गया है. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थ पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई है.
मथुरा सामूहिक आत्महत्या मामले में अब तक जो जानकारी सामने आ रही है वो परेशान करने वाली है. बताया जा रहा है कि परिवार के पांचों सदस्यों ने सोमवार (9 फरवरी) की रात को दूध में जहर मिलाकर पी लिया. सुबह जब घर के दरवाजे नहीं खुले तो पड़ोसियों को शक हुआ. लंबे समय तक दरवाजा खटखटाने और कोई जवाब न मिलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी और फिर इस खौफनाक घटना का खुलासा हुआ.
मामला थाना महावन इलाके के गांव खप्परपुर का है. पति-पत्नी ने मिलकर ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका पता अब तक नहीं चल सका है. फिलहाल, पुलिस परिवालवालों और गांव वालों से पूछताछ कर मामले को समझने की कोशिश कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि मृतक परिवार आर्थिक तंगी से परेशान था या जान देने की कोई और वजह थी.
पुलिस का कहना है कि शवों की पोस्टमार्टम आने के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आ पाएगी. फिलहाल, गांव वालों में उन लोगों से बातचीत की जा रही है जो इस परिवार से रोजाना मिलते-जुलते थे और दोस्ती रखते थे. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दंपती किस बात से परेशान थे. आर्थिक तंगी, उधारी न भर पाना, घरेलू कलह जैसे कई कारण होते हैं जो आत्महत्या की वजह बनते हैं. यहां ऐसा क्या कारण है और इसका जिम्मेदार कौन है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस टीम जांच में जुटी हुई है.

