सूरज की तपिश से और चढ़ा पारा

नई दिल्ली। शुष्क मौसम एवं तेज धूप के बीच दिल्ली में हर रोज गर्मी नया रिकॉर्ड बना रही है। अब शुक्रवार (14 मार्च) का दिन इस सीजन का सबसे गर्म हो गया है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया जबकि कई इलाकों में यह 42 डिग्री के करीब जा पहुंचा। शनिवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।

शुक्रवार को सुबह ही धूप खिल गई थी जो दिन चढ़ने के साथ-साथ और तल्ख होती गई। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 16 से 70 प्रतिशत दर्ज किया गया।

स्पोर्टस काम्प्लेक्स दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा, जहां का अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री और न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पीतमपुरा में भी तापमान 41.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को आसमान साफ रहेगा। कुछ जगहों पर लू चलने के भी आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 41 और 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम विभाग ने शनिवार के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। रविवार व सोमवार को भी कमोबेश यही स्थिति बनी रहेगी।

इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बुधवार से मौसम करवट लेगा। लगातार तीन दिन तक बादल छाए रहने और हल्की वर्षा होने की भी संभावना है। इस दौरान गर्मी की चुभन कुछ कम होगी और तापमान में भी थोड़ी गिरावट आएगी।

दूसरी ओर दिल्ली एनसीआर की वायु गुणवत्ता शुक्रवार को भी ‘मध्यम’ से ‘खराब’ श्रेणी में ही बनी रही। सीपीसीबी द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 246, फरीदाबाद का 138, गाजियाबाद का 252, ग्रेटर नोएडा का 263, गुरुग्राम का 193 और नोएडा का 252 दर्ज किया गया। सफर इंडिया का अनुमान है कि हाल फिलहाल इसमें अधिक बदलाव नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *