नैनीताल पर्यटकों से गुलजार

नैनीताल : सरोवर नगरी में सैलानियों की आमद बढ़ने से रौनक छाई रही। सैलानियों ने सुहावने मौसम के साथ नगर के नैसर्गिक पर्यटन स्थलों की सैर की। वीकेंड के चलते काफी संख्या में सैलानी पहुंचे हुए हैं, जिसके चलते नगर के पर्यटन स्थलों में चहल-पहल बनी रही।

वाहनों की भारी आमद से मल्लीताल में पार्किंग पैक हो गई। खरीदारी करने वाले सैलानी भी बाजार में नजर आए। हिमालय दर्शन, केव गार्डन, चिड़ियाघर, सरिताताल, स्नोव्यू व वाटर फाल में सैलानियों की आवाजाही रही। मालरोड में भी सैलानियों से रौनक रही। नैनी झील में नौका विहार करने वालों का भी तांता लगा रहा।

दिन में हल्के बादलों की आवाजाही के बीच मौसम सुहावना बना हुआ था, मगर शाम को पाला गिरना शुरू हो गया, जिस कारण ठंड में खासी बढ़ोतरी हो गई और लोगों को हीटर व अंगीठी का सहारा लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।

जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, नगर में अधिकतम तापमान 16 व न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 70 व न्यूनतम 40 फीसद दर्ज की गई।

नगर में क्रिसमस व नववर्ष की तैयारियां शुरू हो गई हैं। क्रिसमस पर्व को लेकर गिरजाघरों में रंग-रोगन के साथ सजावट शुरू हो गई है। इस बीच क्रिसमस केक मिक्सिंग सेरेमनी संपन्न हो गई हैं। नगर के होटलों में भी क्रिसमस को लेकर विशेष पैकेज बनाए हैं।

साथ ही आकर्षक थर्टी पैकेज भी जारी कर दिए हैं, जिनमें गीत संगीत के साथ गाला डिनर समेत बच्चों व महिलाओं के लिए विविध मनोरंजक प्रतियोगिताओं को शामिल किया गया है। नगर के बड़े होटलों में अभी तक एडवांस में 20 फीसद बुकिंग हो चुकी है।

मसूरी में भी शनिवार को पर्यटकों की भीड़ नजर आई। शनिवार होने के कारण दिल्‍ली, यूपी, पंजाब और हरियाणा से पर्यटक मसूरी पहुंचे और यहां के नजारों का लुत्‍फ उठाते हुए दिए। वहीं मसूरी के पर्यटक स्‍थलों पर भी रौनक नजर आई। मसूरी में भी क्रिसमस व नववर्ष की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आने वाले दिनों मेंपहाड़ों की रानी मसूरी में भीड़ बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *