नई दिल्ली: अमेरिका और इजराइल के हमले के जवाब में ईरान पूरे मिडिल-ईस्ट में अमेरिकी सैन्य अड्डों पर मिसाइल हमले कर रहा है. ईरानी मिसाइलें इजराइल को निशाना बना रही हैं. इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की और मौजूदा स्थिति की जानकारी ली. बातचीत में पीएम मोदी ने आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की जरूरत पर जोर दिया.
पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में कहा कि उन्होंने नेतन्याहू से फोन पर बात की और हाल के घटनाक्रमों पर भारत की चिंताएं बताईं और आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा, “क्षेत्र के मौजूदा हालात पर बात करने के लिए प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की. हाल के घटनाक्रमों पर भारत की चिंताएं बताईं और इस बात पर जोर दिया कि नागरिकों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है. भारत दुश्मनी को जल्द खत्म करने की जरूरत पर फिर से जोर देता है.”
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि उन्होंने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान से बात की, और खाड़ी देश पर हाल ही में हुए हमलों की कड़ी निंदा की, और जानमाल के नुकसान पर दुख जताया. एक्स पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्होंने UAE के साथ भारत की एकजुटता जताई.
उन्होंने लिखा, “UAE के राष्ट्रपति, मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान से बात की. UAE पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और इन हमलों में जानमाल के नुकसान पर दुख जताया. भारत इस मुश्किल समय में UAE के साथ एकजुटता में खड़ा है. UAE में रहने वाले भारतीय समुदाय का ख्याल रखने के लिए उनका धन्यवाद किया. हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं.”
इजराइल और अमेरिका ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ संयुक्त सैन्य ऑपरेशन शुरू किया, इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई के साथ उनकी बेटी, दामाद और नाती भी मारे गए. जिसके बाद क्षेत्र में तनाव और संघर्ष बढ़ गया है. अमेरिका और इजराइल के फाइटर जेट ईरान पर लगातार बमबारी कर रहे हैं. इसके जवाब में ईरान मिडिल-ईस्ट में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों और इजराइल पर मिसाइल हमले कर रहा है.
