पहाड़ों में पाला,मैदानों में छाने लगा कुहासा

देहरादून: उत्तराखंड में बीते दिनों ऊंची चोटियों पर हुई बर्फबारी के बाद से ठिठुरन बढ़ गई है। वहीं, प्रदेश में मौसम शुष्क है और चटख धूप खिल रही है। लेकिन, सुबह और शाम के समय ठंड में इजाफा हो गया है।

राज्‍य में पहाड़ों में पाला और मैदानों में कुहासा छाने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है।

प्रदेश में ठंड बढ़ने लगी है। शुष्क मौसम के बावजूद सुबह शाम कंपकंपी महसूस की जा रही है। खासकर पहाड़ों में शीत का प्रकोप बढ़ गया है। रात को पाला पड़ने से सड़कों पर सफर भी खतरनाक होने लगा है।

वहीं, मैदानी क्षेत्रों में सुबह हल्की धुंध और कुहासा छा रहा है। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों का तापमान सामान्य से कुछ नीचे पहुंच गया है। दून में अधिकतम तापमान 26 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश के अगले कुछ दिन मौसम शुष्क बना रह सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। पहाड़ों में पाला गिरने और मैदानों में कुहासा छाने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *