असम: असम में स्कूल, कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थानों का संचालन 1 जनवरी, 2021 से सामान्य रूप से शुरू होगा। कोविड-19 महामारी के कारण राज्य सरकार द्वारा लगाए गए सभी शैक्षणिक प्रतिबंधों को नए वर्ष की शुरुआत से प्राथमिक विद्यालय से विश्वविद्यालय स्तर तक वापस ले लिया जाएगा। असम के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को इसकी घोषणा की है।
बता दें कि राज्य में फैले कोरोना वायरस महामारी की स्थिति की समीक्षा के बाद नए वर्ष से स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों को फिर से खोलने का निर्णय लिया गया है। स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री ने बताया कि राज्य में महामारी के लो पॉजिटिविटी रेट के कारण प्रतिबंधों को हटाने का फैसला किया गया है।
इससे पूर्व, असम में सभी कोविड-19 नियमों व गाइडलाइन का पालन करते हुए 2 नवंबर को कक्षा 6 से 12 तक के स्कूलों और कॉलेजों को फिर से खोला गया था। स्थिति का आकलन करने के बाद, राज्य सरकार ने 1 जनवरी से प्राथमिक स्कूलों को भी फिर से खोलने का फैसला किया है। हालांकि, मास्क पहनना, सैनिटाइजर का उपयोग करना और सामाजिक दूरी सुनिश्चित करना जारी रहेगा।
मंत्री ने बताया कि कॉलेजों, विश्वविद्यालयों व कक्षा 10 और कक्षा 12 के आवासीय छात्रों के लिए छात्रावास 15 दिसंबर से, यानी आज से खोले जाएंगे। राज्य के शिक्षा विभाग द्वारा जारी एसओपी का पालन करवाया जाएगा। गौरतलब है कि राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्कूलों को फिलहाल बंद ही रखने का निर्णय लिया है। जबकि, कई राज्यों ने स्कूलों को खोलने के बाद उन्हें फिर से बंद कर दिया है।
हालांकि, कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जिन्होंने स्कूलों को फिर से खोलने की अनुमति दे दी है। असम सरकार ने 1 जनवरी, 2021 से स्कूलों को फिर से शुरू करने की घोषणा की है। वहीं, दिल्ली सरकार ने वैक्सीन आ जाने तक स्कूलों को बंद रखने की घोषणा की है।