उत्तर प्रदेश में कांग्रेस उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी, 41 प्रत्याशियों में से 16 महिलाएं

नई दिल्ली :उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। 10 फरवरी को पहले चरण का मतदान होना है। इसके लिए सभी पार्टियों ने प्रत्याशियों का भी एलान कर दिया है। राजनीतिक उठापठक के बीच चुनाव जीतने के लिए राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है।

नेताओं के दल बदलने का सिलसिला भी जारी है। इन सबके साथ नेताओं की बयानबाजी और गुटबाजी भी अब सामने आने लगी है।उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी। दूसरी लिस्ट में 41 उम्मीदवारों के नाम हैं। इनमें 16 महिलाएं हैं।

वाराणसी की पांच विधानसभा क्षेत्रों की संचालन समिति की बैठक में बुधवार को लाभार्थियों से संपर्क अभियान के जरिये जीत का आधार तैयार करने की रणनीति बनी। जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आठों विधानसभा क्षेत्र के बूथ स्तर के पदाधिकारियों से संवाद कर कार्यकर्ताओं में एक नयी ऊर्जा का संचार किया है।

बुलंदशहर के उपजिलाधिकारी ने भाजपा चुनाव प्रचार के प्रमुख आनंद चौधरी को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि एक सोशल मीडिया पोस्ट में आचार संहिता का उल्लंघन किया गया है। इस पोस्ट में लिखा गया, ‘छोटा पायजामा, कुर्ता लंबा, दंगे चाहिए या शांति?’

कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है। पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी ने जिस ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ अभियान की शुरुआत की थी, उसकी पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्या भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकती हैं। प्रियंका ने कांग्रेस पर पैसे लेकर टिकट देने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस में भ्रष्टाचार व्याप्त है। यहां महिलाओं का कोई सम्मान नहीं है। प्रियंका इस वक्त कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के मैदान में उतरने को लेकर हर रोज अटकलें लगाई जा रहीं हैं। इसी क्रम में बुधवार को आजमगढ़ का सियासी पारा उस समय चरम पर पहुंच गया जब अखिलेश यादव के जिले की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के कयास लगाए जाने लगे।

खबर आई कि वह गोपालपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। सपा के जिलाध्यक्ष का कहना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जनपद से चुनाव लड़ सकते हैं लेकिन उनकी सीट तय नहीं है। सपा मुखिया आजमगढ़ से सांसद हैं। बुधवार दिन भर उनके गोपालपुर सीट से चुनाव लड़ने चर्चाएं चलती रहीं।

शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए बीएसएफ ने मोर्चा संभालना शुरू कर दिया है। पहले चरण के चुनाव के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में बीएसएफ के जवान पहुंचने लगे हैं। गुरुवार को बीएसएफ जवानों की आठ कंपनियां एक स्पेशल ट्रेन से मुरादाबाद पहुंची। यहां से ये जवान अलग-अलग जिलों के लिए रवाना होंगे।

मुजफ्फरनगर मनव्वरपुर गांव से एक वीडियो वायरल हो रहा है। यहां भाजपा के विधायक और प्रत्याशी विक्रम सैनी प्रचार करने पहुंचे थे। इस बीच, उन्हें ग्रामीणों का विरोध झेलना पड़ा। ग्रामीणों ने उन्हें खदेड़ दिया। वीडियो में गाड़ी में बैठे विक्रम सैनी हाथ जोड़कर बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि पीछे से आवाज आ रही है कि विधायक जी… इस बार विधायक बनकर दिखाओ। इस मामले में विक्रम सैनी ने मीडिया को बताया कि गांव में दो युवकों ने शराब पी रखी थी। वही अभद्रता कर रहे थे, बाकी गांव वाले उनके ही साथ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *