चारधाम में बर्फबारी, ठिठुरन बढ़ी

देहरादून : उत्तराखंड में चोटियों पर हिमपात का क्रम जारी है। चारधाम में लगातार दूसरे दिन बर्फबारी हुई। गंगोत्री, यमुनोत्री में आधा फीट से अधिक बर्फ जम गई है। जबकि, हेमकुंड सहित अन्य चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ।

आसपास के निचले हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई। जिससे ठिठुरन बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में आज से मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। जबकि, तापमान भी सामान्य के आसपास बना रह सकता है।

प्रदेश में दो दिन से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक से लेकर मुख्यत: बादल छाये रहे और चोटियों पर हिमपात का क्रम जारी रहा।

गंगोत्री-यमुनोत्री में जमकर बर्फबारी हुई। इसके अलावा बदरीनाथ और केदारनाथ में भी हल्का हिमपात हुआ। निचले क्षेत्रों में कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हुई। जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ गई।

देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में आसमान मुख्यत: साफ रहा। कहीं-कहीं आंशिक बादलों के बीच ठंडी हवा भी चलती रही। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में आज मौसम शुष्क रह सकता है।

पहाड़ों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने की आशंका है। तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *