गर्मी के टॉर्चर के दिन शुरू !

नई दिल्ली : अप्रैल के 10 दिन बीत चुके हैं। दोपहर के समय धूप पसीने निकाल रही है। अब बारिश भरे दिन बीत चुके हैं और दिन में गर्मी ने टॉर्चर करना शुरू कर दिया है। दिल्ली के सफदरजंग में पारा 34 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। यह इस साल का अबतक का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया।

हालांकि, अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर 10 डिग्री बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल के पहले दस दिन सामान्य से अधिक ठंडे रहे हैं। हालांकि, आने वाले दिन में पारा बढ़न से लोगों को गर्मी झेलने के लिए तैयार रहना होगा।

अब अधिकतम और न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे इजाफा होगा। अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर पहुंच रहा है। न्यूनतम तापमान भी कुछ दिनों तक सामान्य से कम रहेगा। लेकिन, अप्रैल के अंतिम हफ्ते तक लू चलने की संभावना व्यक्त की जा सकती है।

इस हफ्ते के अंत तक अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा। रविवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री रहा। यह सामान्य है। अप्रैल में पहली बार तापमान सामान्य रहा है। वहीं न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से चार डिग्री कम है।

हवा में नमी का स्तर 21 से 80 प्रतिशत तक रहा। धूप में तेजी की वजह से दोपहर के समय नमी का स्तर कम हो रहा है। वहीं कुछ इलाकों में तापमान काफी तेजी से बढ़ा है। रिज का तापमान रविवार को 37 डिग्री, नजफगढ़ का 36.9 डिग्री, पीतमपुरा का 36.8 डिग्री, पूसा का 36 डिग्री और सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 37 डिग्री रहा।

सोमवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान बढ़कर 35 डिग्री हो सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास बना रहेगा। इसके बाद 11 से 12 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 16 से 17 डिग्री के आसपास दर्ज हो सकता है। 13 अप्रैल को अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम 17 डिग्री तक रहेगा।

वहीं 14 व 15 अप्रैल को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 17 से 18 डिग्री तक रहेगा। यानी इस हफ्ते के अंत तक गर्मी का अहसास दोपहर के समय काफी अधिक होगा। दोपहर में चुभन वाली गर्मी शुरू हो जाएगी। अगले हफ्ते से हवाओं में गर्माहट का अहसास शुरू हो सकता है।

स्काईमेट के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की तीव्रता एक बार फिर कम हुई है। इससे चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र भी उत्तर भारत के ऊपर विकसित नहीं हो रहे हैं। मौसम के शुष्क रहने की उम्मीद है और तापमान बढ़ना शुरू हो गया है। बढ़ते तापमान से परेशानी होगी। लेकिन लू की स्थिति अभी एक से दो हफ्ते नहीं आने वाली। अधिकांश हिस्सों में अब तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *