कोरोना की दूसरी लहर का कहर

नई दिल्ली। भारत में कोरोना की दूसरी लहर का कहर जारी है। देश में कोरोना महामारी फैलने के बाद से सक्रिय आंकड़े में तेजी देखी जा रही है। भारत में कोरोना की दूसरी लहर ने दस्तक दे दी है और मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगे हैं। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र में 28 मार्च से नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है।

सीएम उद्धव ठाकरे ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया। रविवार रात से नाइट कर्फ्यू लागू होगा। महाराष्ट्र में नाइट कर्फ्यू की वजह से सभी मॉल रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक बंद रहेंगे। इस संबंध में महाराष्ट्र सीएमओ की तरफ से कहा गया कि नाइट कर्फ्यू से जुड़ा आदेश डिजास्टर मैनजमेंट ऐंड रिहैबिलिटेशन डिपार्टमेंट अलग से जारी करेगा।

बता दें कि गुरुवार को देश में कोरोना वायरस के 59 हजार से ज्यादा नए मामले आए हैं। यह पिछले 159 दिनों में आने वाली संक्रमितों की सबसे बड़ी संख्या है। देश के दो राज्य महाराष्ट्र और गुजरात पहली लहर के चरम के आंकड़े को भी पार कर चुके हैं। वहीं, पंजाब पिछली लहर के पीक के आंकड़ों को पार करने के करीब पहुंच चुका है।

मुंबई में आज कोरोना के 5,504 नए मरीज मिले। महामारी शुरू होने के बाद से यह आंकड़ा एक दिन में अब तक का सबसे ज्यादा है। वहीं, बीएमसी ने लोगों को चेताया है कि आने वाले समय में एक दिन में 10 हजार मामले आ सकते हैं। ऐसे में ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है।

कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मध्य प्रदेश में प्रतिबंधों का क्रम जारी है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, खरगोन और रतलाम के बाद अब विदिशा, उज्जैन, ग्वालियर, नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा जिले के कई शहर में भी रविवार को लॉकडाउन रहेगा। रविवार को लॉकडाउन वाले शहरों की संख्या अब 12 हो गई है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कोरोना की समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया। साथ ही तय किया गया कि जिन जिलों में कोरोना संक्रमण के 20 से ज्यादा मामले हैं, वहां प्रतीकात्मक रूप से होली और शब-ए-बारात त्योहार मनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि कोरोना का संक्रमण न फैले, इसके लिए आगामी त्योहार घर पर ही रहकर श्रद्धा और आस्था के साथ मनाएं। इसी बीच, मध्य प्रदेश में महज दो हफ्ते में रोजाना मिलने वाले कोरोना संक्रमितों की संख्या तीन गुना तक बढ़ गई है। 12 मार्च को प्रदेश में 675 संक्रमित मिले थे, जबकि 26 मार्च को यह संख्या बढ़कर 2091 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि महाराष्ट्र समेत पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और गुजरात में तेजी के संक्रमण बढ़ रहा है। इनमें भी सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 35,952 नए मामले पाए गए हैं, जबकि पंजाब में 2,661, कर्नाटक में 2,523, छत्तीसगढ़ में 2,419 और गुजरात में 1,961 नए केस पाए गए हैं।

इन राज्यों के अलावा दिल्ली, तमिलनाडु, हरियाणा और राजस्थान में भी संक्रमण में बढ़ोतरी हो रही है। केरल में 1989, तमिलनाडु में 1,779 और दिल्ली में 1,515 नए मामले सामने आए हैं। 80 फीसद नए मामले सिर्फ छह राज्यों महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, केरल और गुजरात से ही हैं।

कोरोना महामारी से पिछले 24 घंटों के दौरान 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में किसी की मौत नहीं हुई है। इन राज्यों में राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, सिक्किम, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव, लद्दाख, मणिपुर, त्रिपुरा, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह शामिल हैं।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में गुरुवार को 11 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 23 करोड़ 86 लाख चार हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

देश में बीते 24 घंटे में 59,069 नए केस सामने आए, 32,912 मरीज ठीक हुए और 257 की मौत हो गई। नए केस 17 अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा हैं। तब 61,893 मरीज मिले थे। गुरुवार को एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 25,857 की बढ़ोतरी हुई। यह लगातार दूसरा दिन था, जब एक्टिव केस 25 हजार से ज्यादा बढ़े। बीते सात दिन में ही एक्टिव केस में 1 लाख 49 हजार 455 का इजाफा हुआ है।

देश में अब तक 1 करोड़ 18 लाख 46 हजार 82 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 12 लाख 62 हजार 503 ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 60 हजार 983 मरीजों ने जान गंवाई है। अभी 4 लाख 17 हजार 46 हजार 82 मरीजों का इलाज चल रहा है।

महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने बड़ा बयान दिया है। पुणे में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अजित पवार ने कहा कि हम राज्य में बढ़ रहे कोरोना के मामलों को मॉनिटर कर रहे हैं, 2 अप्रैल तक नज़र रखी जाएगी। अगर लोग कोरोना गाइडलाइन्स का उल्लंघन करते रहे, तो सरकार के पास लॉकडाउन के अलावा कोई चारा नहीं बचेगा।

हिमाचल प्रदेश में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान 4 अप्रैल तक बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को आपदा प्रबंधन के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में यह फैसला लिया, जिसे तुरंत प्रभाव से लागू भी कर दिया गया।

मुख्यमंत्री ठाकुर ने अपील करते हुए कहा कि लोग घरों में ही अपने परिवार के साथ होली मनाएं। 3 अप्रैल को सरकारी छुट्टी घोषित की गई है। 2 अप्रैल को गुड फ्राइडे की छुट्टी है और 4 अप्रैल को रविवार। सरकारी विभागों में 3 दिन की छुट्टियों का पैकेज बना है। 23 मार्च से ही मेलों के आयोजनों पर रोक लग गई है।

कर्नाटक सरकार ने 1 अप्रैल से बेंगलुरु आने वाले लोगों के लिए कोरोना निगेटिव रिपोर्ट जरूरी कर दी है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने बताया कि शहर में अन्य राज्यों से आने वाले लोगों को RT-PCR टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *