बाहर से दवा लिखने के विरोध में प्रदर्शन
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में बेड की कमी, बाहर से दवा लिखने समेत गंभीर अव्यवस्थाओं एवं बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में प्रदर्शन किया । उन्होंने मांगों से संबंधित ज्ञापन चिकित्सा अधीक्षक को सौंपा। शुक्रवार को उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के महासचिव विनोद सिंह चौहान के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में मरीजों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया।
विनोद चौहान ने कहा कि प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी चिकित्सालयों में से एक होने के बावजूद दून चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है। पीने के पानी के लिए बजट एवं उद्देश्य निर्धारित होने के बावजूद अस्पताल परिसर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं है। सफाई व्यवस्था खराब है।वार्डों, शौचालयों एवं परिसर में गंदगी व्याप्त है, जिससे संक्रमण फैलने का गंभीर खतरा बना हुआ है। आरोप लगाया कि अस्पताल में जरूरी दवाइयों का अभाव है, जिससे मरीजों को बाहर से महंगी दवाइयां खरीदनी पड़ रही है। इमरजेंसी सेवाएं अव्यवस्थित हैं, जिसके कारण गंभीर मरीजों के उपचार में अनावश्यक देरी हो रही है।
बेड की भारी कमी है जिस कारण मरीजों को समय पर भर्ती नहीं मिल पा रही है। अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, सीटी स्कैन जैसी आवश्यक जांच सुविधाएं नियमित रूप से संचालित नहीं हो रही हैं या अधिकांश बार अनुपलब्ध रहती हैं। पार्षद अर्जुन सोनकर, पार्षद वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि नाइट ड्यूटी एवं आपातकालीन समय में चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं रहती है।कहा कि एक्स-रे के लिए मरीजों को निचले तल पर जाना पड़ता है तथा प्री-रूम एवं फ्लोर की स्थिति खराब है।
पर्ची काटने वाले काउंटरों की संख्या अत्यंत अपर्याप्त है। अधिकांश मरीज ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया से अनजान हैं। कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण ऐप आधारित व्यवस्था अव्यवस्थित है। आरोप लगाया कि मरीजों के लिए भोजन एवं पोषण की व्यवस्था घटिया स्तर की है तथा कई बार समय पर भोजन भी उपलब्ध नहीं कराया जाता है। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में लिफ्ट बंद हो जाती है और ऑपरेशन टार्च की रोशनी में करने पड़ते हैं।
अस्पताल में स्थायी एवं पर्याप्त जनरेटर व्यवस्था की तत्काल आवश्यकता है। कहा कि गरीब एवं असहाय मरीजों की शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी एवं सक्रिय शिकायत निवारण प्रणाली उपलब्ध नहीं है। दवाइयों के वितरण के लिए काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए।—बाहर से दवा लिखने की शिकायतप्रदर्शनकारियों ने बाहर से दवा लिखने के बारे में जानकारी चिकित्सा अधीक्षक को दी। बकायदा उन्हें बाहर बुलाकर दिखाया भी गया जिसके बाद उन्होंने बाहर से दवाई लिखने पर संज्ञान लिया। चिकित्सा अधीक्षक ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया ।
प्रदर्शन कर ज्ञापन देने वालों में पूर्व पार्षद अनूप कपूर, मुकेश सोनकर, सविता सोनकर, राहुल शर्मा, आशीष गोसाई, संजय मौर्य, तेजेंद्र सिंह रावत, मनीष वर्मा, अर्पण सलाल, सुनील नौटियाल, मोहन रावत, विक्की गोयल,दिनेश गुप्ता, मनीष गर्ग, हिमेश नेगी ,दारा, रिपु दमन सिंह, गुल मोहम्मद, विजय गुप्ता, अनिल उनियाल, रामबाबू आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
