चंबा। हिमाचल प्रदेश जिला चंबा के दुर्गम क्षेत्र तीसा में एक निजी बस गहरी खाई में गिर गई। पुख्ता जानकारी के अनुसार बस में करीब 16 लोग सवार थे, इनमें से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें चंबा अस्पताल में उपचाराधीन किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य शुरू कर दिया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सहित विधानसभा उपाध्यक्ष एवं चुराह के विधायक हंसराज ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा हादसे में मृतकों के परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा घायलों को भी हरसंभव मदद दी जाएगी।
चुराह के विधायक हंसराज विधानसभा की कार्यवाही को छोड़कर चंबा रवाना हो गए हैं। यह हादसा उनके गृह विधानसभा क्षेत्र में हुआ है। उन्होंने कहा हादसा उपमंडल मुख्यालय में काफी सवारियां उतारने के बाद हुआ है। पहले बस सवारियों से पूरी तरह से भरी हुई थी।
हादसा सुबह दस बजे के करीब हुआ। बताया जा रहा है तीसा के कॉलोनी मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। कई लोग जिला मुख्यालय चंबा में अपने कामकाज के सिलसिले से आ रहे थे। इसके अलावा कॉलेज विद्यार्थी भी बस में सवार थे। हादसा इतना भयंकर था कि बस के परखच्चे उड़ गए। बस की छत यहां तक सीटें भी अलग-अलग होकर यहां वहां गिरी हैं।
खतरनाक चंबा-तीसा मार्ग पर चंबा की तरफ आ रही निजी बस कॉलोनी मोड से करीब 500 मीटर की दूरी पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उक्त बस बुंदेडी से चंबा जा रही थी। स्थानीय लोगों ने तुरंत खाई में उतर कर घायलों को सड़क तक पहुंचाया व वहां से अस्पताल पहुंचाया गया है।
पिछले वर्ष भी 10 मार्च को चंबा पठानकोट मार्ग पर बस हादसा हुआ था। एचआरटीसी की बस कांदू के समीप दुर्घटनाग्रस्त होने से छह लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 34 लोग घायल हुए थे। एक साल बाद फिर दस मार्च को यह भयावह हादसा पेश आया है।