उत्‍तराखंड: पारा 33 डिग्री के पार

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम शुष्क है और पहाड़ से लेकर मैदान तक चटख धूप खिल रही है। जिससे तापमान चढ़ने लगा है। ज्यादातर शहरों का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के पास बना हुआ है। मैदानों में दोपहर बाद गर्म हवा के थपेड़े बेहाल करने लगे हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम शुष्क बना रहने के आसार हैं। इस दौरान तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में लू चलने की आशंका है। कहीं-कहीं तेज हवा के झोंके चल सकते हैं।

उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख होने लगे हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक तपिश बढ़ गई हैं और पारा लगातार चढ़ रहा है। हालांकि, कुमाऊं में बादलों की आंख-मिचौनी भी जारी है। बागेश्वर समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की वर्षा भी दर्ज की गई।

इधर दून में रविवार को सुबह से चटख धूप खिली रही और दोपहर में झुलसाने वाली गर्मी महसूस की गई। इस दौरान सहस्रधारा, गुच्चम-पानी, लच्छीवाला आदि पिकनिक स्पाट में स्थानीय व बाहरी पर्यटकों का तांता लगा रहा। गर्मी से निजात पाने के लिए लोग नदियों व झीलों का रुख कर रहे हैं।

ज्यादातर मैदानी शहरों में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। अगले कुछ दिनों में इसके 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। जिससे पहाड़ से लेकर मैदान तक पारा चढ़ने और भीषण गर्मी महसूस किए जाने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *