अभी झेलनी पड़ेगी गर्मी

नई दिल्ली। दिल्ली एनसीआर और उत्तर भारत के लोगों को अभी दो दिन और गर्मी का सितम सहन करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिन इन इलाकों में पारा चढ़ेगा और तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है। शुक्रवार के बाद ही यहां कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग का कहना है कि दो दिन बाद यहां बारिश के आसार बन रहे हैं।

वहीं, महाराष्ट्र में मानसून पहुंच चुका है और बुधवार को सुबह से यहां झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग पहले ही मुंबई समेत राज्य के अन्य तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जता चुका है। वहीं, विभाग ने कहा था कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूर्वी भारत की ओर बढ़ रहा है। महाराष्ट्र के बाद बिहार, उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश में मानसून (Monsoon) के जल्दी पहुंचने का अनुमान है।

आइएमडी मुंबई के उप महानिदेशक (डीडीजी) डॉ जयंत सरकार ने बताया कि मानसून आज मुंबई पहुंच गया है। इस बार मानसून थोड़ा पहले आया है। आमतौर पर 10 जून तक मानसून राज्य में दस्तक देता है लेकिन इस बार पहले ही पहुंच गया है। इस वजह से मुंबई समेत कई इलाकों में सुबह से झमाझम बारिश हो रही है, जिस कारण जगह-जगह वॉटर लॉगिंग हो गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 41.7 और न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आशंका जताई जा रही है कि इस हफ्ते दिल्लीवासियों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग की मानें तो अभी तीन दिन और ऐसी ही गर्मी बरकरार रहेगी। इसके बाद ही शनिवार से मौसम के करवट लेने के आसार हैं और तीन दिन तक बारिश की संभावना है।

बिहार के लोगों को आज गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को यहां तापमान में कोई वृद्धि नहीं हुई और बुधवार को इसमें गिरावट की उम्मीद है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि राज्य में निर्धारित समय से दो दिन पहले मानसून आने की उम्मीद है। इस साल 13 या 14 को बारिश शुरू हो सकती है।

उत्तराखंड में आज भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और अगले दो दिन भी हालात ऐसे ही बने रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। कुमाऊं के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार के बाद ही मौसम के मिजाज में बदलाव हो सकता है, जिसके चलते पर्वतीय इलाकों में मध्यम बारिश की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *